लावारिस सांड, कुत्तों के आतंक एवं बदहाल जनसुविधाओं को लेकर सौंपा ज्ञापन
चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। शहर में लावारिस सांडों एवं कुत्तों के आतंक, बदहाल सफाई व्यवस्था, बंद स्ट्रीट लाइट, पेयजल संकट एवं टूटी सड़कों की समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग एवं नारी शक्तिकरण इकाई ने शुक्रवार को नगर परिषद कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कांग्रेस अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष इम्तियाज हुसैन लौहार के नेतृत्व में किया गया।
प्रदर्शन के दौरान नगर परिषद को ज्ञापन सौंपा गया, जिसकी प्रतियां जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, संभागीय आयुक्त उदयपुर, निदेशक स्वायत्त शासन विभाग जयपुर एवं विधायक को भी भेजी गईं। प्रदर्शनकारियों ने आगामी त्यौहार ईद-उल-अजहा से पूर्व सभी समस्याओं के समाधान का अल्टीमेटम दिया।
जिला संगठन मंत्री रफीक खान एवं शहर अध्यक्ष नवाब खान ने बताया कि सुबह शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष एकत्रित होकर नारेबाजी करते हुए नगर परिषद पहुंचे और प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर परिषद की लगातार अनदेखी एवं लापरवाही के कारण आमजन परेशान हैं।
ज्ञापन में बताया गया कि गांधी चौक, सुभाष चौक, लोहार मोहल्ला, कुंभा नगर, प्रताप नगर एवं तेजाजी चौक सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लावारिस सांडों एवं कुत्तों का आतंक बना हुआ है। हाल ही में चंदनपुरा क्षेत्र में सांड के हमले से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों पर लगातार हमलों की घटनाएं सामने आ रही हैं।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि पूर्व में भी कई बार ज्ञापन दिए गए, लेकिन नगर परिषद द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने बताया कि शहर में नियमित सफाई व्यवस्था नहीं है तथा मस्जिद, ईदगाह एवं मुख्य मार्गों की स्ट्रीट लाइटें बंद होने से रात में अंधेरा रहता है।
ज्ञापन में पेयजल संकट को भी गंभीर समस्या बताते हुए कहा गया कि शहर में कम दबाव से सीमित समय तक पानी की आपूर्ति हो रही है। साथ ही कई वार्डों की सड़कें बदहाल स्थिति में हैं। मोहर मंगरी क्षेत्र में पेयजल समस्या को देखते हुए सरकारी जल कनेक्शन बढ़ाने एवं स्कूल तथा पीपल क्षेत्र में ट्यूबवेल खुदवाने की मांग भी की गई।
प्रदर्शन के दौरान इम्तियाज हुसैन लौहार, मोहसीन खान, मोहम्मद फारूक नीलगर, नवाब खान, रफीक खान, किशन दशोरा, जमील अहमद, इकबाल अब्बासी, खुसरो कमाल, फिरोज खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, महिला कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
