मुकेश गुर्जर
गंगापुर|स्मार्ट हलचल|राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) की सामुदायिक जागरूकता एवं जन सहभागिता इकाई (कैप) के तहत आज गंगापुर के पीएम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्वच्छता विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 100 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आरयूआईडीपी जयपुर से आए डिप्टी टीम लीडर कैप श्री अनिल सिंह ने स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छता एक अच्छी आदत है, जिसे स्वस्थ जीवन के लिए अपनाना आवश्यक है। स्वच्छ वातावरण हमें मानसिक, शारीरिक, सामाजिक एवं बौद्धिक रूप से स्वस्थ रखता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने आसपास सफाई बनाए रखने, भोजन से पहले एवं शौच के बाद साबुन से हाथ धोने की आदत अपनाने के लिए प्रेरित किया।
परियोजना की जानकारी देते हुए सीएमई श्री सौरभ पांडे ने बताया कि आरयूआईडीपी द्वारा एफएसटीपी (फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट) का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सेप्टिक टैंकों का मलजल खुले में डालने से गंदगी और बीमारियां फैलती हैं, जो किसी न किसी रूप में पुनः हमारे घरों तक पहुंचती हैं। अब घरों के सेप्टिक टैंकों से निकलने वाले मलजल को टैंकर के माध्यम से रायपुर रोड स्थित नेहरू नगर में बनाए गए एफएसटीपी प्लांट तक पहुंचाया जाएगा, जहां उसका वैज्ञानिक तरीके से उपचार कर खाद के रूप में उपयोग किया जाएगा। इससे गंदगी से निजात मिलेगी और वातावरण स्वच्छ रहेगा।
सहायक सामाजिक विकास अधिकारी सुश्री रेखा खटीक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता का सीधा प्रभाव मस्तिष्क और स्वास्थ्य पर पड़ता है। उन्होंने बच्चों को स्वच्छता अपनाने तथा कार्यक्रम में दी गई जानकारी को अपने परिवार एवं मोहल्ले में साझा करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक गोवर्धन सोनी भी उपस्थित रहे। उन्होंने आरयूआईडीपी के इस जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित होते रहने चाहिए, ताकि आमजन को परियोजनाओं का लाभ शीघ्र मिल सके।










