ब्यावर में 500 से अधिक छात्राओं को मिला ‘बेटी प्रतिभा सम्मान’

महानगरों जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस वर्द्धमान कन्या महाविद्यालय परिसर को देख दंग रह गए ग्रामीण क्षेत्रों के अभिभावक और छात्राएं

अनिल कुमार

स्मार्ट हलचल ब्यावर।शैक्षणिक क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाली अग्रणी संस्था श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति, ब्यावर द्वारा स्थानीय ‘वर्द्धमान वातानुकूलित सभागार’ में एक भव्य ‘बेटी प्रतिभा सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। इस समारोह में ब्यावर जिले की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाली 500 से अधिक मेधावी छात्राओं को उनकी शानदार सफलता के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर प्रतिभावान बेटियों के चेहरे खिल उठे और वे गौरवान्वित महसूस कर रही थीं।

प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने बढ़ाया हौसला
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह राठौड़ (IPS) उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में अतिरिक्त जिला कलेक्टर ब्रह्मलाल जाट, उपखण्ड अधिकारी दिव्यांश सिंह (IAS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया, तहसीलदार हनुत सिंह और पुलिस उपाधीक्षक राजेश कसाना शामिल हुए। इसके साथ ही मीडिया जगत से दैनिक भास्कर अजमेर संस्करण के यूनिट हेड शिवराज शर्मा, न्यूज़ एडिटर सेटेलाइट हेड दीपेश मेहता और ब्यावर ब्यूरो प्रभारी राजेश शर्मा भी उपस्थित रहे।

समारोह की शुरुआत में वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ. नरेन्द्र पारख, सहमंत्री सुनील कुमार ओस्तवाल, कोषाध्यक्ष देवराज लोढ़ा एवं महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. आर.सी. लोढ़ा ने सभी आगंतुक अतिथियों का माल्यार्पण, उपरना ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया।

बेटियां ही हैं देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला
स्वागत उद्बोधन देते हुए समिति के मंत्री डॉ. नरेंद्र पारख ने कहा कि इस समारोह का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में शिक्षा के प्रति उत्साह, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को जगाना है, ताकि समाज में बालिका शिक्षा को और अधिक मजबूती मिल सके।

मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक रतन सिंह राठौड़ (IPS) ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा, “आज बेटियां शिक्षा, विज्ञान, प्रशासन और खेलकूद समेत हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं।” उन्होंने सभी छात्राओं से भविष्य में भी कड़ी मेहनत और अनुशासन बनाए रखने का आह्वान किया।

वहीं, उपखण्ड अधिकारी दिव्यांश सिंह (IAS) ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो बेटियों को सशक्त, स्वावलंबी और जागरूक बनाती है। शिक्षित और आत्मनिर्भर बेटियाँ ही राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की असली आधारशिला हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया ने भी छात्राओं को अपने जीवन के लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रोत्साहित किया।

महानगरों जैसी सुविधाओं वाला कॉलेज परिसर बना पहली पसंद
इस सम्मान समारोह को लेकर ब्यावर शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया। कार्यक्रम के बाद छात्राओं और उनके अभिभावकों ने वर्द्धमान कन्या महाविद्यालय परिसर का भ्रमण किया।

विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों से आई छात्राएं कॉलेज की आधुनिक सुख-सुविधाओं को देखकर आश्चर्यचकित रह गईं। महानगरों की तर्ज पर बने इस परिसर में वातानुकूलित (AC) क्लास रूम, हाईटेक लाइब्रेरी, आधुनिक कंप्यूटर लैब, म्यूजिक, योगा, होम साइंस और साइंस लैब के साथ-साथ फैशन डिजाइनिंग एवं मेकअप आर्टिस्ट जैसे नए जमाने के रोजगारोन्मुखी कोर्सेज की सुविधा उपलब्ध है। बहुमंजिला इमारत में लिफ्ट की सुविधा और हरियाली से आच्छादित शांत वातावरण को देखकर अनेक छात्राओं और अभिभावकों ने इस कॉलेज को अपनी पढ़ाई के लिए ‘पहली पसंद’ बताया।

आभार और उपस्थिति
कार्यक्रम के समापन पर श्री वर्द्धमान कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.सी. लोढ़ा ने सभी मुख्य अतिथियों, प्रतिभावान छात्राओं और उनके अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।

इस भव्य समारोह में श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति के प्रबंधकारिणी सदस्य रमेशचंद मेड़तवाल, भंवरलाल गोठी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य धर्मेंद्र शर्मा, वर्द्धमान गर्ल्स स्कूल के प्राचार्य अरविंद नाहर सहित वर्द्धमान ग्रुप की सभी शिक्षण इकाइयों के संकाय सदस्य, कर्मचारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।