सूरौठ। स्मार्ट हलचल।नगर पालिका क्षेत्र सूरौठ में 3 करोड़ 15 लाख रुपए की लागत से पीडब्ल्यूडी की ओर से बनाई जा रही अटल प्रगति पथ सड़क के निर्माण कार्य में बरती जा रही अनियमितताओं के विरोध में शनिवार को सर्व समाज के लोगों की बैठक यहां बूढंदे बाबा मंदिर परिसर में आयोजित की गई। बैठक में लोगों ने निर्माण कार्य में की जा रही धांधली पर नाराजगी जताई । बैठक में सर्व समाज के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया एवं सूरौठ नगर पालिका के वरिष्ठ सहायक अरिहंत जैन को ज्ञापन सौंप कर स्वीकृति के मापदंडों के अनुसार सड़क को बनवाने की मांग की। अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा फाउंडेशन के प्रदेश सचिव प्रमोद तिवाड़ी ने बताया कि राजस्थान सरकार की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क को मजबूत करने एवं विकास कार्यों को गति देने के लिए अटल प्रगति पथ की योजना चलाई जा रही है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य गांव और कस्बों में आवागमन को आसान करना, धूल मिट्टी से मुक्ति दिलाना एवं जल निकासी के साथ टिकाऊ सड़कें उपलब्ध कराना है। विभागीय नियमानुसार अटल प्रगति पथ की चौड़ाई 7 मीटर है एवं डेढ़ डेढ़ मीटर दोनों तरफ इंटरलॉकिंग व नालियों का निर्माण कराना है। लेकिन इसके विपरीत ठेकेदार द्वारा सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से इस सड़क सड़क को कहीं 5 मीटर, कहीं 5:30 मीटर चौड़ी बनाया जा रहा है। इसके साथ ही सड़क निर्माण में हल्की क्वालिटी का सीमेंट एवं बजरी का उपयोग किया जा रहा है। अभी से कई जगह सड़कों पर दरारें आ चुकी हैं एवं सड़क धस चुकी है सड़क निर्माण में बरती जा रही भारी अनियमितता को लेकर सर्व समाज के लोगों की बूढन्दे बाबा मंदिर परिसर में सर्व समाज के लोगों की बैठक हुई। बैठक में सर्व समाज के लोगों ने निर्माण कार्य की निंदा की। बैठक में कांग्रेस के प्रदेश सचिव राजीव शुक्ला, गोपाल मीणा, अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा फाउंडेशन के प्रदेश सचिव प्रमोद तिवाड़ी, भाजपा के सूरौठ मंडल महामंत्री सतेंद्र कुमार बंसीवाल, केदार मीणा, ओम प्रकाश शुक्ला, मोहन सतल्ला, पुरुषोत्तम बंशीवाल, श्याम सुंदर सैनी, रिंकू मीणा, राहुल मीणा, जय सिंह मीणा आदि ने सूरौठ नगर पालिका के वरिष्ठ सहायक अरिहंत जैन को ज्ञापन सौंप कर घटिया क्वालिटी में बन रहे अटल गौरव पथ को निर्धारित मापदंडों के अनुसार बनवाने की मांग की। बताया गया कि 2.66 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए राजस्थान सरकार ने तीन करोड़ 15 लाख रुपए स्वीकृत किए हैं। लोगों ने बताया कि भरतपुर गंगापुर स्टेट मेगा हाइवे से तहसील कार्यालय होते हुए रेलवे स्टेशन तक अटल प्रगति पथ का निर्माण मंजूर किया गया है। अटल प्रगति पथ के निर्माण में तकनिकी मापदंडों एवं विभागीय नियमों की अवेहलना की जा रही है। पूर्व में बनी हुई इंटरलॉकिंग सड़क को हटाए बिना ही सीसी सड़क का निर्माण किया जा रहा है तथा सीमेंट एवं बजरी का अनुपात सही नहीं लिया जा रहा है।निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है जिससे सड़क बनने से पहले ही जर्जर हो रही है। कस्बे के महात्मा गांधी उच्च माध्यमिक स्कूल के पास सड़क निर्माण के दौरान गड्ढा बना हुआ है जिससे हादसा घटित होने की आशंका बनी हुई है तथा आम जन को परेशानी हो रही है।
