132 केवी जीएसएस सहित कई विद्युत परियोजनाओं की शीघ्र स्वीकृति की मांग
चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर को पत्र लिखकर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विद्युत विकास कार्य शीघ्र कराने का अनुरोध किया है।
विधायक आक्या ने पत्र में बताया कि ग्राम पंचायत माताजी की पाण्डोली एवं आसपास की 15 पंचायतों में विद्युत सप्लाई चित्तौड़गढ़ 220 केवी जीएसएस से हो रही है, लेकिन 33 केवी कश्मोर एवं माताजी की पाण्डोली पर अधिक लोड होने के कारण विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से नहीं हो पा रही है।
उन्होंने मांग की कि ग्राम पंचायत माताजी की पाण्डोली में 132 केवी जीएसएस निर्माण की शीघ्र स्वीकृति जारी की जाए, जिससे क्षेत्र की 15 पंचायतों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सके तथा किसानों को दिन में भी कृषि कार्य हेतु बिना रुकावट बिजली उपलब्ध कराई जा सके।
इसी क्रम में विधायक आक्या ने बोजुन्दा में 33/11 केवी जीएसएस निर्माण कराने, ग्राम पंचायत सेमलपुरा में पूर्ण हो चुके 33/11 केवी जीएसएस को शुरू करने के लिए 3.15 एमबीए का पावर ट्रांसफार्मर शीघ्र उपलब्ध कराने तथा 33/11 केवी जीएसएस गणेशपुरा के लिए आरडीएसएस योजना में निरस्त हुए वर्क ऑर्डर के स्थान पर नया वर्क ऑर्डर जारी कराने का अनुरोध भी किया है।
विधायक आक्या ने ऊर्जा मंत्री को विधानसभा क्षेत्र के सतपुड़ा, धनेतकलां, घोसुण्डा, माताजी की पाण्डोली एवं लाखा का खेड़ा स्थित 33/11 केवी जीएसएस पर स्वीकृत 3.15 एमबीए के अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर शीघ्र उपलब्ध कराने की भी मांग की है।
