बानसूर। स्मार्ट हलचल| नारायणपुर क्षेत्र के नांगलहेड़ी गांव के पास सोमवार सुबह नारायणपुर–कुशालगढ़ रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में लेपर्ड की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से लेपर्ड की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में लेपर्ड के शव को तालवृक्ष रेंज कार्यालय लाया गया, जहां पशु चिकित्सकों की टीम ने पोस्टमार्टम किया।
वन विभाग के रेंजर त्रिलोक कुमावत ने बताया कि मृत लेपर्ड नर था और उसकी उम्र लगभग ढाई वर्ष थी। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण सड़क दुर्घटना सामने आया है। उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र वन्यजीवों की आवाजाही वाला है, जहां तेज रफ्तार वाहन लगातार खतरा बन रहे हैं। वन विभाग ने आमजन से सावधानी बरतने और वाहन गति नियंत्रित रखने की अपील की है।
