एजाज़ अहमद उस्मानी
स्मार्ट हलचल।मेड़ता रोड शहर के हवाई जहाज मैदान क्षेत्र में सोमवार सुबह एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई तथा मामले की जानकारी मेड़ता रोड पुलिस को दी गई।
सूचना पर मेड़ता रोड थानाधिकारी दयानंद शर्मा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ एएसआई किशनाराम, रघुनाथ राम तथा ताराचंद सहित मेड़ता रोड थाना की पूरी टीम मौजूद रही। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार मृतक अर्धनग्न अवस्था में मैदान में पड़ा मिला। शव काफी समय से वहां पड़े होने की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि मृतक के शरीर को कुत्तों ने जगह-जगह से नोच डाला था। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग भी सहम गए।
मृतक की तलाशी लेने पर उसकी जेब से करीब 400 रुपये नकद, एयरफोन तथा आधार कार्ड बरामद हुआ। आधार कार्ड के आधार पर पुलिस ने मृतक की पहचान कर उसके भाई से संपर्क किया तथा परिजनों को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि घटनास्थल के पास रहने वाले कालूराम कायड़ ने सबसे पहले शव को देखा और समाजसेवी कंवरीलाल उर्फ राज एमटीडी को फोन कर इसकी जानकारी दी। इसके बाद समाजसेवी कंवरीलाल एवं बंसीराम माली ने पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मेड़ता रोड की मोर्चरी में रखवाया है। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों की जांच में जुटी हुई है तथा पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से पड़ताल की जा रही है।
