अनिल कुमार
ब्यावर /रायपुर ।स्मार्ट हलचल।“जलमेव जीवनं लोके, जलमेव परं धनम्” अर्थात् संसार में जल ही जीवन है और यही सबसे बड़ा धन है। इसी पावन और प्रेरणादायी संदेश के साथ राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार ब्यावर जिले में “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026” का जिला स्तरीय शुभारंभ रविवार को रायपुर लूनी बांध (दीपावास) पर भारी उत्साह और जनभागीदारी के साथ संपन्न हुआ।
जल संरक्षण को बनाएं जनआंदोलन: कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में यह अभियान प्रदेश में जल जागरूकता की एक नई मिसाल पेश कर रहा है। उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए कहा—
“पिछले दो वर्षों में हुई अच्छी बारिश के कारण हमारे स्थानीय तालाबों और बांधों में जल स्तर सुधरा है। अब हमारा यह दायित्व है कि हम वर्षा जल संग्रहण (Rainwater Harvesting) को अपनाएं और पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।”
भारतीय संस्कृति में जल ही देवता: ओंकार सिंह लखावत
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में मौजूद राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री ओंकार सिंह लखावत ने जल स्रोतों के संरक्षण को एक जनआंदोलन बनाने की वकालत की। उन्होंने भारतीय संस्कृति का हवाला देते हुए कहा कि हमारे यहाँ विभिन्न मांगलिक अवसरों पर जल की पूजा की जाती है। गंगा दशहरा के इस पावन पर्व पर हमें इंद्र देवता के इस आशीर्वाद (वर्षा जल) को सहेजने का संकल्प लेना होगा।
कलश यात्रा और श्रमदान रहे आकर्षण का केंद्र
गंगा दशहरा के शुभ अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत बेहद पारंपरिक और भव्य तरीके से हुई। रंग-बिरंगी और पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा निकाली गई कलश यात्रा ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा जल पूजन, दीप प्रज्वलन, पीपल पूजन और पौधारोपण किया गया। इसके साथ ही उपस्थित जनसमुूह ने बांध परिसर में श्रमदान भी किया।
प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस जिला स्तरीय समारोह में भारी संख्या में आमजन और गणमान्य नागरिकों के साथ-साथ कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे,
जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:
हिमांशु गुप्ता (प्रभारी सचिव, आईएएस), कमला (प्रधान, रायपुर) एवं मेघाराम सोलंकी (प्रधान, जैतारण),ब्रह्म लाल जाट (अतिरिक्त जिला कलेक्टर),मनोज कुमार मीणा (उपखंड अधिकारी)
इसके अलावा स्काउट-गाइड, सरपंच, उप सरपंच और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
जिलेभर में चलेंगे सफाई और पौधारोपण अभियान
प्रशासन के अनुसार, इस अभियान की गूंज आने वाले दिनों में पूरे जिले में सुनाई देगी। आगामी कार्ययोजना के तहत ब्यावर जिले के सभी तालाबों, कुओं और पारंपरिक जल स्रोतों की साफ-सफाई की जाएगी। बड़े पैमाने पर श्रमदान, सघन पौधारोपण और नुक्कड़ नाटकों व रैलियों के जरिए ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।