(महेन्द्र नागौरी)
50 से ज्यादा CCTV खंगालकर पुलिस ने खोला राज, चोरी के आभूषण भी बरामद
स्मार्ट हलचल।भीलवाड़ा जिले की पारोली थाना पुलिस ने मंदिर में हुई चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मंदिरों की रेकी कर भगवान के आभूषण चोरी करने की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया चांदी का मुकुट भी बरामद कर लिया है।
जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देश पर चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य और डीएसपी सुरेश कुमार के सुपरविजन में थानाधिकारी सियाराम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
भगवान का मुकुट चोरी होने से गांव में फैला था आक्रोश
मामला 28 अप्रैल 2026 का है, जब बिशनियां निवासी बालमुकुंद ब्राह्मण ने पारोली थाने में रिपोर्ट दी कि सुबह 7 से 9 बजे के बीच मंदिर में भगवान के शिखर पर लगा करीब 200 ग्राम वजनी चांदी का मुकुट अज्ञात चोर चुरा ले गया। घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश फैल गया था।
CCTV और BTS से मिला सुराग
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के करीब 50 से 60 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। आरोपी के भागने के रास्तों का तकनीकी विश्लेषण कर BTS लोकेशन के आधार पर संदिग्ध की पहचान की गई। इसके बाद चेनपुरा निवासी 42 वर्षीय त्रिलोक पाराशर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने मंदिर चोरी की वारदात कबूल कर ली।
मंदिरों की रेकी कर करता था चोरी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले मंदिरों की रेकी करता था और मौका मिलते ही भगवान के आभूषण चोरी कर फरार हो जाता था। आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी और अन्य मामलों में प्रकरण दर्ज हैं और वह कई मामलों में ट्रायल फेस कर रहा है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थानाधिकारी सियाराम, एएसआई मुंशी खां, कांस्टेबल शैतान सिंह, रामावतार और रणजीत की विशेष भूमिका रही। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य वारदातों का भी खुलासा करने में जुटी है।
