मालासेरी डूंगरी तीर्थ कॉरिडोर कार्यों का जिला कलेक्टर ने किया निरीक्षण

मोड़ का निंबाहेड़ा । भारत सरकार की प्रसाद योजना के अंतर्गत भगवान श्री देवनारायण जी की जन्मभूमि एवं विश्व विख्यात तीर्थ स्थल मालासेरी डूंगरी में चल रहे तीर्थ कॉरिडोर निर्माण कार्यों का मंगलवार को भीलवाड़ा जिला कलेक्टर ने निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों से कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। मालासेरी डूंगरी देवनारायण मंदिर के पुजारी हेमराज पोसवाल ने कॉरिडोर से जुड़े निर्माण स्थलों का निरीक्षण करवाते हुए चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रसाद एवं स्वदेश दर्शन योजना के तहत श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, सौंदर्यीकरण एवं अन्य विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। इस दौरान मालासेरी डूंगरी के समग्र विकास एवं भविष्य की योजनाओं को लेकर भी चर्चा की गई। जिला कलेक्टर ने उपखंड अधिकारी एवं तहसीलदार को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।