खखरेरू/फतेहपुर।स्मार्ट हलचल।थाना क्षेत्र के ग्राम भदौहा निवासी एक अधेड़ की कथित रूप से मजदूरी का भुगतान न होने के कारण सदमे में आने से हार्ट अटैक से मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने ईंट भट्ठा संचालक पर लंबे समय से मजदूरी रोकने का आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।भदौहा गांव निवासी सुरेश चंद्र पिछले लगभग छह वर्षों से थाना क्षेत्र में संचालित अमर विक्र फील्ड ईंट भट्ठे में मुंशी का कार्य करते थे। मृतक की पत्नी के अनुसार भट्ठा संचालक शारदा प्रसाद पुत्र अमर सिंह द्वारा पिछले एक वर्ष से करीब एक लाख 80 हजार रुपये मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया था। आरोप है कि केवल खर्च चलाने के लिए थोड़ी-बहुत रकम दी जाती रही।
परिजनों ने बताया कि करीब एक माह पूर्व सुरेश चंद्र का पुत्र सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसके पैर का ऑपरेशन कराया जाना था। आर्थिक तंगी के चलते सुरेश चंद्र लगातार अपनी बकाया मजदूरी मांगने के लिए भट्ठा संचालक के पास जाते रहे, लेकिन उन्हें भुगतान नहीं मिला। इससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगे।
बताया जा रहा है कि इसी तनाव के चलते उनकी तबीयत बिगड़ गई थी और सोमवार शाम करीब छह बजे उन्हें हार्ट अटैक आया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मृतक की पत्नी ने पुलिस को तहरीर देकर मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। खबर लिखे जाने तक परिजनों ने अंतिम संस्कार नहीं किया था।
इस संबंध में थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि भट्ठा मालिक ने बताया है की मृतक का लड़का और साथ में अन्य व्यक्ति आ जाए पूरा हिसाब करके पैसे दे दूंगा
