खबर का असर: लाडपुरा में 25 दिन बाद पहुंची रसोई गैस की गाड़ी, सिलेंडर देखते ही बस स्टैंड पर उमड़ी भारी भीड़

ओटीपी और नए नियमों के फेर में उलझी डिलीवरी व्यवस्था; मांडलगढ़ में HP गैस उपभोक्ताओं को 45 दिन का लंबा इंतजार, रसोई का बजट बिगड़ा

 शिव जांगिड़ (लाडपुरा)

लाडपुरा, 27 मई।स्मार्ट हलचल।कस्बे सहित आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले 25 दिनों से घरेलू गैस की किल्लत को लेकर प्रमुखता से उठाए गए मुद्दे के बाद बुधवार को ‘खबर का असर’ देखने को मिला। भारत गैस शाहपुरा के अधीन लड़खड़ाई आपूर्ति व्यवस्था के बीच बुधवार सुबह जैसे ही मानपुरा से गैस वितरण की गाड़ी लाडपुरा बस स्टैंड पहुंची, तो सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। स्थिति यह है कि ऑनलाइन बुकिंग के बावजूद लोगों को 25 दिनों तक लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।

उपभोक्ताओं ने बताया कि पहले बुकिंग के अगले ही दिन डिलीवरी घर तक हो जाती थी, लेकिन अब एजेंसी के चक्कर काटने के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों और दूर-दराज के गांवों से आने वाले लोगों को हो रही है। समय पर गैस न मिलने के कारण मजबूरन लोगों को एक बार फिर चूल्हा, लकड़ी, कोयला और इंडक्शन का सहारा लेना पड़ रहा है।

ओटीपी और नए नियमों ने बढ़ाई मुसीबत: गैस वितरण के नए नियमों और डिलीवरी के समय अनिवार्य ‘ओटीपी’ प्रक्रिया के कारण भी वितरण में काफी देरी हो रही है। कई उपभोक्ताओं की तकनीकी व नेटवर्क कारणों से मौके पर बुकिंग वेरिफाई नहीं हो पा रही है, जिससे उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहा।

एक अन्य उपभोक्ता ने बताया कि मांडलगढ़ एचपी गैस का अगला सिलेंडर 45 दिन बाद ही बुक हो रहा है। बड़े परिवार के लिए एक सिलेंडर अपर्याप्त है। ग्रामीणों ने गैस एजेंसी और प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि आपूर्ति व्यवस्था में तत्काल सुधार कर समय पर होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए ताकि रसोई की प्रभावित व्यवस्था पुनः पटरी पर लौट सके।