प्राइवेट कॉलोनियों में अवैध बिजली कनेक्शनों पर AVVNL सख्त ? शिकायत के बाद जांच शुरू

महेन्द्र नागौरी

भीलवाड़ा |स्मार्ट हलचल।शहर की प्राइवेट कॉलोनियों में कथित रूप से नियमों को ताक में रखकर बिजली कनेक्शन जारी किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (AVVNL) ने शिकायत मिलने के बाद पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।AVVNL भीलवाड़ा के अधिशाषी अभियंता कार्यालय की ओर से जारी पत्र में भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला मंत्री एवं राष्ट्रीय मानवाधिकार पर्यावरण सुरक्षा संगठन से जुड़े रतनलाल आचार्य को 29 मई को बयान दर्ज कराने के लिए तलब किया गया है।
सूत्रों के अनुसार प्राइवेट कॉलोनियों में बिना आवश्यक स्वीकृतियों और नियमों की अनदेखी कर बिजली कनेक्शन जारी किए जाने की शिकायत विभाग तक पहुंची थी। शिकायत के बाद अधीक्षण अभियंता स्तर पर जांच अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर किन कॉलोनियों में नियमों को दरकिनार कर कनेक्शन दिए गए ? क्या विभागीय मिलीभगत से यह खेल चल रहा था ? और जांच में किन अधिकारियों या कॉलोनाइजरों की भूमिका सामने आएगी ?
विभागीय पत्र सामने आने के बाद शहर में मामले को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। वहीं शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग उठाई है।