पुनित चपलोत
भीलवाड़ा // जिला अस्पताल परिसर में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बागरिया समाज के दो गुट परिसर में स्थित पार्क के बाहर आपस में भिड़ गए। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गई और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों व पत्थरों से हमला कर दिया। घटना से अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार दोनों पक्ष अस्पताल में भर्ती एक परिचित की कुशलक्षेम पूछने आए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।
सूचना मिलते ही भीमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया।
पुलिस ने मौके से भीमा पुत्र गोवर्धन बागरिया एवं राजू पुत्र गोवर्धन बागरिया निवासी पोटला थाना गंगापुर को हिरासत में लेकर शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
