वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान में विद्यार्थियों ने निभाई सक्रिय भूमिका

अनिल जांगिड़

स्मार्ट हलचल। राजस्थान सरकार द्वारा संचालित “वंदे गंगा जल संरक्षण जल अभियान” के अंतर्गत नगर पालिका बिजयनगर एवं जलदाय विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने हेतु विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यह अभियान 25 मई 2026 गंगा दशहरा से प्रारंभ होकर 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस तक चलेगा।
अभियान के तहत बिजयनगर के पीपली चौराहा, रेलवे स्टेशन, केकड़ी रोड बस स्टैंड एवं बिजयनगर बस स्टैंड सहित प्रमुख स्थानों पर आमजन को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस दौरान स्काउट गाइड, एनएसएस एवं एनसीसी के छात्र-छात्राओं द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर पीएचईडी विभाग के सहयोग से पानी एवं शरबत वितरण कर सेवा कार्य किया गया।
अभियान के अंतर्गत गांव एवं शहरों में प्रभात फेरियां, जल चौपाल, संगोष्ठियां एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को जल संरक्षण के वैज्ञानिक एवं पारंपरिक तरीकों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय बिजयनगर की राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी कल्पना सिंह ने बताया कि विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जल संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर एनएसएस प्रभारी कल्पना सिंह, स्काउट गाइड प्रभारी देंउ भील, स्काउट गाइड सचिव पूजा शर्मा, रामपाल, जलदाय विभाग के सहायक अभियंता एवं विभागीय कार्मिकों ने अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।