वन्यजीव हमलों से पीड़ितों को मिलेगा त्वरित कानूनी सहयोग, मेड़ता रोड में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

मेड़ता रोड, 28 मई 2026।
स्मार्ट हलचल।राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मेड़ता के निर्देशानुसार गुरुवार को नगर पालिका परिसर, मेड़ता रोड में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आमजन को विभिन्न कानूनी अधिकारों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं निःशुल्क विधिक सहायता संबंधी जानकारी देकर जागरूक किया गया।
शिविर को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मेड़ता के सचिव संजय कुमार मालवीया ने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) द्वारा संचालित “ह्यूमन वाइल्ड लाइफ कॉन्फ्लिक्ट योजना” की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वन्यजीवों के हमले से प्रभावित व्यक्तियों को इस योजना के तहत निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है, जिससे उन्हें शीघ्र मुआवजा प्राप्त करने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि पीड़ित व्यक्ति घटना की सूचना जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मेड़ता को देकर योजना का लाभ उठा सकते हैं।
सचिव मालवीया ने “नालसा जागृति–सुरक्षित बचपन, सुरक्षित भविष्य” अभियान के तहत बच्चों की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पॉक्सो अधिनियम-2012 के महत्वपूर्ण प्रावधानों, बाल संरक्षण कानूनों तथा बच्चों के अधिकारों के बारे में उपस्थित लोगों को जागरूक किया।
शिविर में वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, भरण-पोषण अधिनियम, रोडवेज स्मार्ट कार्ड योजना, नालसा एवं रालसा द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं तथा निःशुल्क विधिक सहायता की व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में समाजसेवी रामनिवास लटियाल, मेड़ता रोड थानाधिकारी दयानन्द शर्मा, ग्रामीणजन, वरिष्ठ नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। शिविर के दौरान लोगों ने कानूनी सहायता से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया।