सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मचा हड़कंप,नगर पालिका ने ठेका कर्मी को किया बर्खास्त।
एजाज़ अहमद उस्मानी
स्मार्ट हलचल।नागौर जिले के डेगाना शहर में राम टावर स्थित मातेश्वरी फाइनेंस एंड इंश्योरेंस कार्यालय के बाहर कचरा फेंकने की घटना को लेकर गुरुवार को व्यापारियों में भारी नाराजगी देखने को मिली। घटना का खुलासा सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद हुआ, जिसके बाद पूरे बाजार में इस मामले की चर्चा रही।
कार्यालय संचालक अभय राज सिंह राठौड़ ने बताया कि गुरुवार सुबह कार्यालय पहुंचने से पहले उन्हें आसपास के दुकानदारों ने फोन कर सूचना दी कि उनके ऑफिस के सामने सड़क का कचरा डाल दिया गया है। सूचना मिलने पर जब वे मौके पर पहुंचे और कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी तो एक महिला सफाई कर्मी सड़क से कचरा उठाकर बीजेपी के झंडे में भरते हुए कार्यालय के सामने फेंकती नजर आई।
घटना की जानकारी मिलते ही राम टावर क्षेत्र के व्यापारियों में रोष फैल गया। व्यापारियों ने इसे गैर-जिम्मेदाराना और आपत्तिजनक कृत्य बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले की शिकायत तत्काल नगर पालिका प्रशासन को दी गई।
जानकारी के अनुसार संबंधित महिला सालासर डेवलपर्स की ठेका कर्मी मंजू, निवासी ईडवा गांव बताई जा रही है। मामले की जांच के बाद नगर पालिका प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए संबंधित कर्मी को सेवा से बर्खास्त कर दिया।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) ने बताया कि घटना गंभीर प्रकृति की है तथा प्रथम दृष्टया कर्मचारी की गलती सामने आने पर उसे तत्काल प्रभाव से कार्य से हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था के दौरान इस प्रकार की लापरवाही और अनुचित व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
घटना के बाद राम टावर के व्यापारियों ने कहा कि सफाई व्यवस्था का उद्देश्य शहर को स्वच्छ रखना है, लेकिन यदि सफाई कर्मी ही प्रतिष्ठानों के सामने कचरा डालने जैसी हरकत करें तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। व्यापारियों का यह भी कहना था कि कई बार सफाई कर्मियों द्वारा गंदगी फैलाने की शिकायतें सामने आती रही हैं, लेकिन इस बार सीसीटीवी फुटेज के कारण पूरा मामला उजागर हो गया।
मौके पर अभय राज सिंह राठौड़, सतीश कुमार, गोविंद मारोठिया, तेजाराम पलिया, राहुल चौधरी, पूनाराम कमेडिया, राजूराम चौधरी, सुखवीर साहू, गौतम सेन, रिछपाल नेहरा, हनुमान राम, प्रकाश भारती, कमल जिलोवा, आजाद खान, विजय सेन तथा भगवत सिंह राठौड़ सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। सभी ने नगर पालिका से भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था लागू करने की मांग की।
व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वहीं, घटना के बाद दिनभर बाजार में इस विषय को लेकर चर्चा का माहौल बना रहा।
