सूरौठ। स्मार्ट हलचल।गांव खेड़ी हैवत में जाटव समाज की तहसील स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें समाज सुधार, संगठन मजबूती और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन को लेकर व्यापक चर्चा हुई। बैठक में सर्वसम्मति से कई अहम निर्णय लेते हुए समाज को नई दिशा देने का संकल्प लिया गया।
बैठक में जिला जाटव समाज सुधार समिति (करौली, सवाई माधोपुर, दौसा 360 गांव) के जिला अध्यक्ष हट्टी राम ठेकेदार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सूरौठ तहसील अध्यक्ष प्रसादी लाल जाटव ने की। कार्यक्रम का सफल संचालन मनोज कुमार देवत ने किया।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से रामसिंह जाटव को सभा का सभापति चुना गया। समिति के प्रवक्ता रिंकू खेड़ी हैवत ने बैठक में पारित प्रस्तावों की जानकारी देते हुए बताया कि समाज में व्याप्त सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने एवं नई सामाजिक चेतना स्थापित करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में तय किया गया कि समाज में बढ़ती फिजूलखर्ची एवं आर्थिक बोझ को देखते हुए मृत्यु भोज पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही जाटव बस्तियों में कच्ची एवं पक्की शराब की बिक्री और सेवन पर पूर्ण रोक लगाने का निर्णय लिया गया।
इसके अतिरिक्त समाज में फैल रही आपराधिक एवं अनैतिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए जुआ-सट्टा खेलने एवं संचालित कराने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया।
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय यह रहा कि समाज द्वारा बनाए गए नियमों की अवहेलना करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ ‘हुक्का-पानी बंद’ की सामाजिक कार्रवाई की जाएगी तथा ऐसे लोगों को समाज की जाजम एवं पंचायतों में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
बैठक में चौबीसों गांवों के प्रबुद्ध नागरिकों, युवाओं एवं समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से युवा अध्यक्ष हरिओम ठेकेदार, श्रीमहावीरजी तहसील अध्यक्ष धर्म सिंह, हिंडौन तहसील अध्यक्ष बबलू चौरसिया, ग्राम अध्यक्ष राजाराम जाटव सहित हिंडौन एवं सूरौठ तहसील की समस्त कार्यकारिणी उपस्थित रही। वहीं वरिष्ठ समाजसेवियों एवं गणमान्य व्यक्तियों में सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी ताराचंद, सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी रामकिशन, पुरुषोत्तम बंशीवाल, जाटव समाज के पूर्व हिंडौन तहसील अध्यक्ष सत्येंद्र जाटव सूरौठ, वरिष्ठ समाजसेवी नेमीचंद तेसगाव, सुभाष, मनीष, डी.सी. जाटव सहित अनेक समाज बंधु मौजूद रहे। कार्यक्रम में भामाशाह सियाराम, दौसा से चंद्रभान ठेकेदार, मुंशीलाल बारोलिया, बलराम, महेश, रामनिवास, गोपाल फौजी, शुगर लाल, दिनेश एवं राधाकृष्ण सहित सैकड़ों की संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में समाज की एकता, शिक्षा, नशामुक्ति एवं सामाजिक सुधार को लेकर सभी उपस्थितजनों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया।
