शहर की प्रमुख सड़कों पर पानी का छिड़काव कराया

भीलवाड़ा । भीलवाड़ा में नौतपा के दौरान भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते शहर की सड़कें मानो आग उगल रही हैं। दोपहर के समय हालात ऐसे बन रहे हैं कि लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। गर्मी और लू के कारण आमजन खासे परेशान नजर आ रहे हैं। लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए नगर निगम भीलवाड़ा द्वारा लोगों को राहत पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी के तहत नगर निगम की ओर से फायर ब्रिगेड के माध्यम से शहर की प्रमुख सड़कों पर पानी का छिड़काव कराया गया। नगर निगम के निर्देश पर फायर ब्रिगेड की 10 हजार लीटर क्षमता वाली गाड़ी द्वारा सिटी कंट्रोल रूम-रेलवे स्टेशन चौराहे से सूचना केंद्र चौराहे तक सड़क पर पानी डाला गया। सड़क पर पानी के छिड़काव से गर्म सड़कें कुछ हद तक ठंडी हुईं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को राहत महसूस हुई।