नाबालिग बेटियों से अश्लील हरकत और जानलेवा धमकी का आरोप, कोर्ट पहुंची पीड़िता; आरोपी पर पोक्सो लगाने की मांग

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल।शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में दो नाबालिग बालिकाओं के साथ कथित अश्लील हरकत, अभद्र इशारे और परिवार को जान से मारने की धमकियों का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट पीड़िता ने विशेष पोक्सो न्यायालय की शरण लेते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है।
न्यायालय में दायर इस्तगासे के अनुसार प्रताप नगर थाना क्षेत्र की एक पीड़िता ने आरोप लगाया कि 31 मार्च 2026 की रात वह अपनी दो नाबालिग पुत्रियों के साथ भोजन के बाद टहलने निकली थीं। इसी दौरान एक कार चालक उनकी बेटियों को देखकर अश्लील इशारे करने लगा और फब्तियां कसने लगा।
पीड़िता का आरोप है कि कुछ दूरी पर जाकर आरोपी कार से उतरा और उसकी 14 वर्षीय पुत्री के सामने अशोभनीय हरकतें करते हुए अभद्र व्यवहार किया, जिससे बालिका घबरा गई और रोने लगी। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी वहां से चला गया, लेकिन बाद में परिवार का पीछा करते हुए घर तक पहुंच गया।
कार चढ़ाकर कुचलने की कोशिश का आरोप:-
इस्तगासे में आरोप लगाया गया है कि आरोपी घर के बाहर पहुंचकर लगातार हॉर्न बजाने लगा। जब पीड़िता बाहर आई तो आरोपी ने कार उसकी ओर बढ़ाते हुए जान से मारने का प्रयास किया तथा अपशब्द कहकर धमकियां दीं। पीड़िता ने आरोपी की कार का फोटो लेने का दावा किया है, जिसका नंबर आरजे-06-सीके-5005 बताया गया है।
पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप:-
पीड़िता के अनुसार घटना के तुरंत बाद प्रतापनगर थाने में शिकायत दी गई थी। अगले दिन थाने बुलाए जाने पर आरोपी की पहचान शान्तुनु मानसिंहका निवासी काशीपुरी, भीलवाड़ा के रूप में हुई। आरोप है कि आरोपी ने पुलिस के सामने भी कार्रवाई नहीं करने की धमकी दी, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया और शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की।
एसपी को भी दी शिकायत
पीड़िता ने अपने इस्तगासे में उल्लेख किया है कि उसने 7 अप्रैल और 10 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक भीलवाड़ा को भी शिकायतें दीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर उसे न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा।
पोक्सो कोर्ट में पेश हुआ इस्तगासा
मामले को गंभीर मानते हुए पीड़िता ने विशेष न्यायाधीश, यौन अपराधों से बालकों का संरक्षण (पोक्सो) न्यायालय में धारा 175(3) भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत इस्तगासा पेश किया है। इस्तगासे में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 352, 308(2) तथा पोक्सो एक्ट की धाराएं 7, 8, 11 और 12 के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की गई है।
न्यायालय से प्राप्त आदेश के बाद इस्तगासा प्रतापनगर थाना पुलिस को भेजा गया है। अब इस मामले में पुलिस की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।