श्री कल्लाजी वेदपीठ में होगा भक्ति, सेवा और समर्पण का दिव्य संगम
निंबाहेड़ा, स्मार्ट हलचल। कल्याण नगरी स्थित श्री शेषावतार कल्लाजी वेदपीठ एवं शोध संस्थान तथा श्री कल्लाजी मंदिर मंडल न्यास कल्याण नगरी के तत्वावधान में 21वां अष्ट दिवसीय एकविशांति कल्याण महाकुंभ आगामी 1 जुलाई से 8 जुलाई 2026 तक आयोजित किया जाएगा। महाकुंभ के दौरान श्री लिंग महापुराण कथा एवं श्री अति महारुद्र महायज्ञ का आयोजन होगा, जिसमें देशभर से संत-महात्माओं एवं हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता रहेगी।
आयोजन समिति के अनुसार महाकुंभ को लेकर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं और पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक उत्साह का वातावरण बना हुआ है।
शंकराचार्य स्वामी ज्ञानानंद तीर्थ जी को दिया निमंत्रण
महाकुंभ के तहत श्री शेषावतार कल्लाजी वेदपीठ एवं शोध संस्थान के पदाधिकारियों एवं न्यासियों ने भानपुरा पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी ज्ञानानंद तीर्थ जी महाराज से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें महाकुंभ में पधारने का निमंत्रण दिया। इस अवसर पर महाकुंभ के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन भी कराया गया।
7 जून से घर-घर पहुंचाया जाएगा निमंत्रण
वेदपीठ की ओर से आगामी 7 जून, रविवार को विशेष नगर निमंत्रण अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान वीर एवं वीरांगनाएं कल्याण नगरी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर पीले चावल, पुष्प एवं प्रचार सामग्री देकर श्रद्धालुओं को महाकुंभ में शामिल होने का निमंत्रण देंगे।
इसके साथ ही घरों के बाहर ‘सांभ सदाशिव’ के स्टीकर लगाकर इस वर्ष भगवान शिव को समर्पित महाकुंभ को भव्य और ऐतिहासिक बनाने का संदेश भी दिया जाएगा।
21 जून को निकलेगी आध्यात्मिक कल्याण महापदयात्रा
महाकुंभ के उपलक्ष्य में 21 जून, रविवार को श्री कल्लाजी मंदिर से चित्तौड़गढ़ दुर्ग तक भव्य आध्यात्मिक कल्याण महापदयात्रा निकाली जाएगी। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से पदयात्रा में भाग लेने का आह्वान किया है।
वेदपीठ पदाधिकारियों ने बताया कि महाकुंभ की तैयारियों में न्यासियों, कल्याण भक्तों, वीर-वीरांगनाओं, कृष्णा शक्ति दल की मातृशक्ति एवं शक्ति ग्रुप की बालिकाओं की सक्रिय भागीदारी है। सभी समितियां अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए आयोजन को सफल बनाने में जुटी हुई हैं।
