राजनगर रेलवे अंडर ब्रिज निर्माण में देरी से जनता परेशान, रेल मंत्री को भेजा ज्ञापन

अनिल जांगिड़

स्मार्ट हलचल।राजनगर रेलवे अंडर ब्रिज (RUB) निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर क्षेत्रवासियों ने रेल मंत्री के नाम ज्ञापन भेजकर निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि पिछले कई महीनों से निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहा है, जिससे राजनगर और आसपास के गांवों के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य मार्ग बाधित होने के कारण लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा और वैकल्पिक रास्ता तय करना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को हो रही है। साथ ही स्थानीय व्यापार भी प्रभावित हुआ है। ज्ञापन में प्रशासन और संबंधित विभाग से निर्माण कार्य में तेजी लाकर अंडर ब्रिज को जल्द पूर्ण कराने की मांग की गई है।
ज्ञापन की प्रतिलिपि उत्तर-पश्चिम रेलवे के अधिकारियों को भी भेजी गई है। इस दौरान क्षेत्र के कई नागरिकों ने हस्ताक्षर कर अपनी सहमति जताई।