निंबाहेड़ा, 1 जून 2026,ज़ाकिर हुसैन
प्रचंड गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच आमजन एवं रेल यात्रियों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद, शाखा निंबाहेड़ा द्वारा रेलवे स्टेशन परिसर में संचालित शीतल पेयजल सेवा के अंतर्गत सोमवार को विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। मानवता, परोपकार एवं जनसेवा की भावना से ओतप्रोत इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य नागरिकों एवं समाजसेवियों ने सहभागिता निभाते हुए यात्रियों को शीतल जल उपलब्ध कराया।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर रेलवे स्टेशन स्थित शीतल पेयजल सेवा केंद्र पर पहुंचे चित्तौड़गढ़ जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष एवं युवा उद्योगपति पूरण आंजना तथा निंबाहेड़ा नगर पालिका के निवर्तमान अध्यक्ष सुभाष चन्द्र शारदा का भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों द्वारा उपर्णा ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। परिषद पदाधिकारियों ने अतिथियों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए सेवा कार्यों में उनके सहयोग की सराहना की।
सोमवार दोपहर 12:15 बजे आयोजित इस सेवा कार्यक्रम में पूरण आंजना एवं सुभाष चन्द्र शारदा ने भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ श्रमदान करते हुए रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों को अपने हाथों से शीतल पेयजल वितरित किया। भीषण गर्मी में यात्रियों को राहत पहुंचाने के इस सेवा कार्य को उपस्थित लोगों ने मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
कार्यक्रम के दौरान नगर कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव रविप्रकाश सोनी एवं महासचिव जावेद खान ने भी अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई तथा परिषद के सेवा अभियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि सामाजिक संगठनों के ऐसे जनहितकारी प्रयास समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि परिषद द्वारा प्रत्येक वर्ष ग्रीष्मकालीन मौसम में रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर शीतल पेयजल सेवा संचालित की जाती है। अभियान का उद्देश्य गर्मी से परेशान यात्रियों, श्रमिकों एवं आमजन को राहत पहुंचाना तथा सेवा संस्कार को जन-जन तक पहुंचाना है। परिषद का यह सेवा अभियान आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों ने भारत विकास परिषद के मूल मंत्र “सेवा, संस्कार एवं समर्पण” को आत्मसात करते हुए समाजहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर भारत विकास परिषद के अध्यक्ष उमेश तोतला, जिला समन्वयक दिलीप सिंह, सचिव श्यामलाल आमेटा, अरविंद मूंदड़ा, अरविंद खंडेलवाल, विजय बैरवा, शिवलाल पलोड, कैलाश कालिया, जगदीश बांगड़, भोपाल सिंह बोड़ाना, उमेश सोनी, कन्हैयालाल सोनी, उमेश बसेड़, अनीता सोनी, हनुमान प्रसाद, मनीष सोनी, नंदकिशोर सोनी, अंगूरबाला सहित परिषद के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। उपस्थित सभी लोगों ने इस प्रकार के जनकल्याणकारी अभियानों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
