मंगरोप@मुकेश खटीक।थाना क्षेत्र के खातीखेड़ा गांव के निकट मंगलवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में एक महिला को भी मामूली चोटें आईं,जिसे प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।सूचना पर मंगरोप थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों को डिटेन कर थाना परिसर में सुरक्षित रखवाया।प्रत्यक्षदर्शी लालाराम गुर्जर ने बताया कि वह अपनी पत्नी को जांच के लिए भीलवाड़ा जिला चिकित्सालय लेकर जा रहा था।इसी दौरान खातीखेड़ा के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार दो मोटरसाइकिलें आमने-सामने टकरा गईं।हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।घटना के तुरंत बाद उन्होंने मंगरोप थाना पुलिस और 108 एम्बुलेंस को सूचना दी।सूचना मिलते ही हमीरगढ़ से 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को उपचार के लिए हमीरगढ़ उपजिला चिकित्सालय पहुंचाया गया,जहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें भीलवाड़ा के अस्पतालों में ले गए।मंगरोप थाने के एएसआई महेंद्र सिंह ने बताया कि भीलवाड़ा निवासी होमगार्ड कर्मी रामसिंह (40) पुत्र जगदीश भाटी और जयसिंह (34) पुत्र उदयसिंह सोलंकी बस्सी से भीलवाड़ा स्थित अपने घर पुलिस लाइन लौट रहे थे।वहीं दूसरी बाइक पर गोविन्द (32) पुत्र आंधिया कंजर अपनी पत्नी संगीता(29) के साथ हमीरगढ़ से बढ़लियास थाना क्षेत्र के बोरडियास गांव जा रहा था।खातीखेड़ा के निकट दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।हादसे में रामसिंह,जयसिंह और गोविन्द गंभीर रूप से घायल हो गए।रामसिंह और जयसिंह को परिजनों ने उपचार के लिए भीलवाड़ा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि गोविन्द का इलाज जिला चिकित्सालय में जारी है।संगीता के सिर में मामूली चोटें आईं,जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।पुलिस के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।वहीं हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।स्थानीय लोगों की मदद और समय पर पहुंची एम्बुलेंस के कारण घायलों को तत्काल उपचार मिल सका।