Homeदेशनेता मंच पर, कार्यकर्ता पंचनामे में और लोकतंत्र जिंदाबाद!

नेता मंच पर, कार्यकर्ता पंचनामे में और लोकतंत्र जिंदाबाद!

Published on

व्यंग्य

पवन वर्मा

स्मार्ट हलचल|विधानसभा के बजट सत्र के दौरान ही प्रदेश की व्यापारिक राजधानी और राजनीतिक राजधानी में एक ही दिन लोकतंत्र का एक और “उत्सव” संपन्न हुआ। पत्थरों की वर्षा के बीच विचारधारा की ऐसी गंगा बही कि कार्यकर्ता सीधे अस्पताल और फिर थाने के दर्शन कर आए।
लोकतंत्र की खूबसूरती देखिए। पहले नारे, फिर धक्का-मुक्की, फिर पथराव, और अंत में एफआईआर।
सुबह तक जो कार्यकर्ता पार्टी के “शेर” थे, शाम होते-होते मेडिकल रिपोर्ट और जमानत के कागज़ ढूंढते नजर आए। लोकतंत्र में भागीदारी का यह नया मॉडल है पहले जोश दिखाओ, और जब होश में आओ तो वकील खोजो।
भोपाल में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दफ्तर के बाहर और इंदौर में जो दृश्य बने, वो किसी राजनीतिक बहस से ज्यादा एक एक्शन फिल्म के क्लाइमेक्स जैसे थे। फर्क बस इतना था कि यहां “कट” बोलने वाला कोई डायरेक्टर नहीं था। कैमरे जरूर थे मीडिया के और जब कैमरे होते हैं तो जोश थोड़ा और बढ़ जाता है।
कार्यकर्ता बेचारे क्या करें? उन्हें बताया गया, लोकतंत्र खतरे में है, दफ्तर घेरना है, आवाज बुलंद करनी है। उन्होंने आवाज इतनी बुलंद की कि पत्थर भी उड़ चले। उधर सामने वाले भी कम नहीं थे, उन्होंने भी सोचा, लोकतंत्र बचाना है तो जवाब तो देना ही पड़ेगा फिर क्या था, लोकतंत्र दोनों तरफ से सुरक्षित कर लिया गया।
अब दृश्य बदला है। अस्पताल के बाहर पट्टियां बंधी हैं, सोशल मीडिया पर बयानबाजी है, और थाने में धाराएं लगी हैं। पुलिस ने निष्पक्षता का परिचय देते हुए दोनों तरफ के कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज कर लिया है आखिर कानून सबके लिए बराबर है। जो भी पत्थर फेंके, उसे कोर्ट का रास्ता दिखे।
और नेता जी ? वे बयान दे रहे हैं, कोई कह रहा है कि हमारे शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर हमला हुआ। दूसरा कह रहा है कि हमारे दफ्तर पर सुनियोजित हमला था। दोनों तरफ से शब्दों के पत्थर अब भी चल रहे हैं, बस फर्क इतना है कि अब वे कागज और कैमरे के जरिए फेंके जा रहे हैं।
लेकिन असली नायक कौन? वही जमीनी कार्यकर्ता, जो दरियां बिछाता है, झंडे लगाता है, पर्चे बांटता है, घर घर जाकर वोटर निकालता है, जिसने जोश में आकर पार्टी का मान रखा और अब वकील का नंबर मोबाइल में सेव कर रहा है।
उसे अब समझाया जा रहा है। “डरो मत, पार्टी तुम्हारे साथ है।” लेकिन वह अच्छी तरह से जानता है कि हां, साथ है, बयान में, ट्वीट में, और प्रेस कॉन्फ्रेंस में। कोर्ट की तारीख पर साथ कौन जाएगा, यह अगली रणनीतिक बैठक में तय होगा।
लोकतंत्र में भागीदारी का यह व्यावहारिक पाठ बड़ा रोचक है। पहले नारे लगाओ, “हम लड़ेंगे!” फिर पुलिस कहे, “अच्छा, अब थाने चलिए।” वहां से आवाज आती है “वकील साहब, जमानत कराइए।”
कोर्ट-कचहरी का चक्कर भी लोकतंत्र का ही हिस्सा है। तारीख पर तारीख मिलती है, और हर तारीख पर कार्यकर्ता को याद आता है कि उसने पत्थर किस विचारधारा के लिए उठाया था। विचारधारा धीरे-धीरे धुंधली होती है, लेकिन केस नंबर याद रहता है।
सबसे सुंदर दृश्य तब होता है जब दोनों दलों के घायल कार्यकर्ता अस्पताल के कॉरिडोर में आमने-सामने पड़ जाते हैं। एक के सिर पर पट्टी, दूसरे के हाथ में प्लास्टर। दोनों की आंखों में एक ही सवाल। “ये हुआ क्या?”
राजनीति में आक्रोश दिखाना आसान है, उसका दुष्परिणाम झेलना कठिन। पत्थर हवा में सेकंड भर उड़ता है, लेकिन मुकदमा सालों साल चलता है।
तो भाइयों और बहनों, अगली बार जब लोकतंत्र बचाने निकलें, तो जेब में नारा और दिल में जोश जरूर रखें, पर साथ में वकील का नंबर और थोड़ी समझदारी भी रख लें क्योंकि लोकतंत्र में पत्थर का जवाब पत्थर से नहीं, बल्कि एफआईआर से मिलता है और अंत में वही पुराना सत्य नेता मंच पर, कार्यकर्ता पंचनामे में और लोकतंत्र जिंदाबाद!

Latest articles

पुष्कर कलश यात्रा में चेन स्नैचिंग से हड़कंप, पांच महिलाएं बनीं शिकार; सुरक्षा-व्यवस्था पर गंभीर सवाल

(हरिप्रसाद शर्मा) पुष्कर/ अजमेर/स्मार्ट हलचल|धार्मिक नगरी पुष्कर में सोमवार को सनातनियों का महाकुंभ होगा...

हाईकोर्ट के पारित आदेश के बाद भी 87 कॉलोनियां अधर में, – आज 22 फरवरी को सड़कों पर उतरेगा जनसैलाब-प्रशासन की चुप्पी पर बड़ा...

शिवराज बारवाल मीना जयपुर/सांगानेर । स्मार्ट हलचल|राजधानी जयपुर के सांगानेर प्रताप नगर योजना क्षेत्र की...

आरटीआई में सूचना देने से इनकार : अनुसंधानाधीन प्रकरण का हवाला-30 दिन में अपील का विकल्प

शिवराज बारवाल मीना - रोजनामचा व सीसीटीवी फुटेज नहीं देने पर उठे सवाल-15 दिन में...

देवली–उनियारा (097) की अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशित-कुल 2,94,090 मतदाता दर्ज

शिवराज बारवाल मीना टोंक/उनियारा।स्मार्ट हलचल|भारतीय निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता दिनांक 01.01.2026 के संदर्भ में...

More like this

इंडियन पोटाश लिमिटेड को अंतरराष्ट्रीय सीमा शुल्क दिवस 2026 पर कांडला और विशाखापत्तनम बंदरगाह पर सम्मान

नई दिल्ली, बृहस्पतिवार, 19 फरवरी 2026: स्मार्ट हलचल|उर्वरक क्षेत्र की प्रमुख कंपनी इंडियन पोटाश...

बिहार में 318 नए आंगनबाड़ी-क्रेच केंद्र खुलेंगे

बिहार में 318 नए आंगनबाड़ी-क्रेच केंद्रों की सौगात कामकाजी अभिभावकों को मिलेगा सहारा, हजारों बच्चों...