पंचायत शिक्षकों ने बनाई मानव श्रृंखला: नियमितीकरण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

चित्तौड़गढ़ | संविदा कर्मी आक्रोश

पंचायत शिक्षकों ने बनाई मानव श्रृंखला: नियमितीकरण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

सांसद सीपी जोशी ने हाथों-हाथ सीएम व शिक्षा मंत्री को लिखा पत्र, विधायक को भी घेरा; मांगें पूरी नहीं होने पर 10 जून से बीकानेर निदेशालय पर अनिश्चितकालीन महापड़ाव की चेतावनी
विशेष ग्राउंड रिपोर्ट: स्मार्ट हलचल ब्यूरो (चित्तौड़गढ़)

चित्तौड़गढ़, 3 जून। राजस्थान पंचायत शिक्षक विद्यालय सहायक संघ चित्तौड़गढ़ ने आज माननीय मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा एवं शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। इससे पूर्व कलेक्ट्रेट गार्डन में संघ के जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश महामंत्री सम्पत लाल जाट की अध्यक्षता में एक जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सम्पत जाट ने बताया कि राजकीय विद्यालयों में कार्यरत पंचायत शिक्षक विद्यालय सहायक अपने नियमितीकरण की मांग लंबे समय से करते आ रहे हैं। बजट सत्र 2025-26 में माननीय उपमुख्यमंत्री महोदया द्वारा संविदा सेवा नियम 2022 (कांट्रेक्चुअल हियरिंग इन सिविल पोस्ट रूल्स) के अंतर्गत नियोजित कार्मिकों को 2 वर्ष की छूट दिए जाने की घोषणा की गई थी, लेकिन उक्त प्रक्रिया अभी तक आरंभ नहीं होने से राज्य के 23,740 संविदा कार्मिकों में गहरा असंतोष व्याप्त है।

10 जून से बीकानेर में अनिश्चितकालीन महापड़ाव की चेतावनी:

संगठन ने चेतावनी दी है कि समय रहते यदि संविदा कर्मी पंचायत शिक्षक विद्यालय सहायकों के नियमितीकरण के आदेश जारी नहीं किए गए, तो आगामी 10 जून 2026 को संपूर्ण राजस्थान के तमाम संविदा कार्मिक इस भीषण गर्मी में शिक्षा निदेशालय बीकानेर पर अनिश्चितकालीन महापड़ाव डालेंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।

सांसद कार्यालय पर प्रदर्शन, विधायक को भी सौंपा ज्ञापन:
कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर मानव श्रृंखला बनाने के बाद जिले के तमाम पंचायत शिक्षक विद्यालय सहायक सांसद कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने चित्तौड़गढ़ सांसद श्रीमान सी पी जोशी से मुलाकात कर पुरजोर तरीके से अपनी मांग रखी, जिस पर सांसद ने हाथों-हाथ मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री के नाम नियमितीकरण का पत्र प्रेषित करवाया। इसके बाद कलेक्ट्रेट के बाहर चित्तौड़गढ़ विधायक श्रीमान चंद्रभान सिंह आक्या को भी ज्ञापन सौंपकर नियमितीकरण की मांग की गई।

इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मधुसूदन भट्ट, डालचंद जाट, मिट्ठू लाल मेनारिया, प्रकाश तंबोली, मुकेश तिवारी, हिम्मत सिंह भाटी, रमेश लोहार, जगदीश वैष्णव, शैतान सिंह, जसवंत सिंह, मुन्ना लाल साहू, अरविंद आमेटा, भेरूलाल भील, पंकज विजयवर्गीय, रतनलाल गुर्जर, सुनील कुमार गर्ग सहित भारी संख्या में महिला व पुरुष संविदा शिक्षक उपस्थित रहे।