*केशावत को मिला राष्ट्रीय स्तर पर पर्यावरण मित्र सम्मान-2026*

-बाबूलाल नागा
सरवाड़।स्मार्ट हलचल।अजमेर जिले के सरवाड़ ब्लॉक के मानपुरा ग्राम निवासी सामाजिक कार्यकर्ता रणजीत सिंह केशावत को पर्यावरण संरक्षण एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय स्तर के “पर्यावरण मित्र सम्मान-2026” से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान राजस्थान के सीकर स्थित कमलादेवी जन संस्थान द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय समारोह में प्रदान किया गया। संस्थान के अध्यक्ष डॉ. एस.के. फगेड़िया ने बताया कि संस्थान प्रतिवर्ष देशभर में पर्यावरण संरक्षण एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों का चयन कर उन्हें सम्मानित एवं प्रोत्साहित करता है। उन्होंने कहा कि रणजीत सिंह केशावत ने निस्वार्थ सेवा भावना और समर्पण के साथ पर्यावरण संरक्षण, जनहित तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनका कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। इसी योगदान को देखते हुए उन्हें विश्व पर्यावरण दिवस पर “पर्यावरण मित्र सम्मान-2026” से नवाजा गया।
कार्यक्रम में हरियाणा, राजस्थान, बिहार, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और नई दिल्ली सहित देश के विभिन्न राज्यों से चयनित 101 समाजसेवी विभूतियों को सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्त होने पर रणजीत सिंह केशावत को परिवारजनों, समाजबंधुओं, मित्रों, प्रशासक घीसालाल कीर तथा सामाजिक अंकेक्षण से जुड़े साथियों ने शुभकामनाएं एवं बधाई दी।