प्रकृति मां का रूप, इसके साथ क्रूरता बंद हो : जैन

विश्व पर्यावरण दिवस पर देवदा विद्यालय में पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

बन्शीलाल धाकड़

बोहेड़ा।स्मार्ट हलचल।विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बड़ीसादड़ी उपखंड क्षेत्र के देवदा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में शुक्रवार को देर सांय पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामवासियों एवं विद्यालय परिवार ने मिलकर परिसर में छायादार एवं फलदार पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए पर्यावरण प्रेमी जगदीश शर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिवर्ष एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे तो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। पूर्व प्रधानाध्यापक महेंद्र कुमार जैन ने कहा कि प्रकृति मां के समान है और इसके साथ किसी प्रकार की क्रूरता बंद होनी चाहिए। प्राकृतिक संसाधनों का संयमित उपयोग समय की मांग है। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं तथा बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच पौधारोपण के साथ-साथ पौधों का संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति प्रेम एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करना समय की आवश्यकता है। इस दौरान उपस्थित लोगों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में नर्सिंग ऑफिसर राजकुमार पुष्करणा, गौभक्त पूरण दास वैष्णव, गोवर्धन लाल सुथार, मांगीलाल सुथार, मांगीलाल रावत,हिम्मत सुथार, गणपत सुथार, अर्जुन सुथार एवं राजू लाल सुथार सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।