मसूदा के बाड़ी गांव में सजी रात्रि चौपाल: कलक्टर ने सुनीं समस्याएं, बोले— पानी के संकट को दूर करने के लिए तुरंत चलाएं टैंकर

तालाब पर अतिक्रमण की शिकायत को कलक्टर ने लिया गंभीरता से, एसडीएम व तहसीलदार को जांच कर सख्त कार्रवाई के निर्देश

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल।आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासन को सीधे गांवों तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को मसूदा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत बाड़ी में एक भव्य रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। जिला कलक्टर कमल राम मीना की अध्यक्षता में आयोजित इस चौपाल में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को खुलकर अधिकारियों के सामने रखा। इस दौरान मसूदा विधायक वीरेन्द्र कानावत भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

चौपाल को संबोधित करते हुए जिला कलक्टर श्री कमल राम मीना ने कहा कि प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

चौपाल में गूंजे ये मुख्य मुद्दे, मौके पर ही दिए निर्देश:
पेजल संकट पर तुरंत एक्शन: ग्रामीणों ने गांव में गहराते पानी के संकट का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इस पर कलक्टर ने पीएचईडी विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए ग्रामीणों को तत्काल राहत देने के लिए पानी के टैंकर शुरू करने के निर्देश दिए।

स्कूल में ट्रांसफार्मर बदलने की मांग: राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि वर्तमान विद्युत कनेक्शन से कम लोड मिल रहा है, जिससे परेशानी हो रही है। कलक्टर ने बिजली विभाग को जनहित में तुरंत नया ट्रांसफार्मर लगाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

अतिक्रमणकारियों पर कड़ा रुख: ग्रामवासियों ने तालाब क्षेत्र में मिट्टी भराई कर किए जा रहे अवैध अतिक्रमण की शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला कलक्टर ने उपखंड अधिकारी (एसडीएम) और तहसीलदार को मौके की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सफाई व्यवस्था पर खिंचाई: गांव में बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर कलक्टर ने नाराजगी जताई और विकास अधिकारी (बीडीओ) मसूदा तथा ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) बाड़ी को क्षेत्र में नियमित और प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के पाबंद किया।

खातेदारी का मामला: वर्षों पुरानी गैर खातेदारी भूमि को खातेदारी में दर्ज करने की मांग पर कलक्टर ने कहा कि इसके कानूनी पहलुओं की जांच कर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।

बाड़ी माता मंदिर में टेका मत्था, गौशाला की सराहना की
रात्रि चौपाल के समापन के बाद जिला कलक्टर कमल राम मीना ने सुप्रसिद्ध बाड़ी माता मंदिर परिसर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और परिसर में संचालित गौशाला का भी भ्रमण किया। गौशाला की बेहतर व्यवस्थाओं को देखकर कलक्टर ने प्रबंधन की सराहना की और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (जिला परिषद) डॉ. गोपाल लाल मीणा, मसूदा एसडीएम दीपशिखा, विकास अधिकारी संदेश परासर सहित विद्युत, जलदाय (PHED), सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) और अन्य जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।