रणवीर सिंह चौहान
भवानी मंडी
स्मार्ट हलचल/आयुष्मान आरोग्य मंदिर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पचपहाड़, खंड भवानीमंडी, जिला झालावाड़ में आज वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. नरेश अग्रवाल के सान्निध्य में फायर सेफ्टी जागरूकता एवं प्रशिक्षण गतिविधि आयोजित की गई।
वर्तमान में क्षेत्र में अत्यधिक गर्मी के कारण विभिन्न स्थानों पर आग एवं चिंगारी की घटनाओं में वृद्धि को दृष्टिगत रखते हुए केंद्र पर उपलब्ध अग्निशमन (फायर) उपकरणों की अवधि समाप्ति पर रिफिलिंग हेतु भेजे जाने से पूर्व समस्त स्वास्थ्यकर्मियों एवं स्टाफ को उनके सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग के संबंध में पुनः संवेदनशील किया गया।
इस दौरान उपस्थित कर्मचारियों को अग्निशामक यंत्रों के विभिन्न प्रकार, उनके संचालन की विधि, आग लगने की स्थिति में प्रारंभिक बचाव एवं त्वरित प्रतिक्रिया संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में घबराने के बजाय निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
डॉ. नरेश अग्रवाल ने बताया कि स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। समय-समय पर ऐसे प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाना आवश्यक है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
कार्यक्रम में केंद्र के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे तथा सभी ने फायर सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियों के पालन का संकल्प लिया
