उप शासन सचिव ने किया जिला आयुष चिकित्सालय का औचक निरीक्षण, योग दिवस की तैयारियों के दिए निर्देश

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल।आयुष विभाग, राजस्थान सरकार के उप शासन सचिव गोपाल परिहार ने शनिवार को श्री चांदमल मोदी राजकीय जिला आयुष चिकित्सालय, ब्यावर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सालय में संचालित विभिन्न आयुष सेवाओं, व्यवस्थाओं और सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया।

मरीजों से जाना कुशलक्षेम, योजनाओं की समीक्षा की
निरीक्षण के दौरान उप शासन सचिव ने आतुरालय में भर्ती मरीजों से सीधा संवाद कर उनका कुशलक्षेम पूछा। उन्होंने ‘मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना’ (मां) और RGHS के तहत लाभान्वित हो रहे रोगियों से मिल रही सुविधाओं और उपचार के संबंध में फीडबैक लिया। चिकित्सालय प्रभारी व पंचकर्म विशेषज्ञ डॉ. पारस चौहान ने अस्पताल में संचालित पंचकर्म, क्षारसूत्र, आंचल प्रसूता केंद्र जैसी विशिष्ट सेवाओं की प्रगति से अवगत कराया।

पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों का अवलोकन
परिहार ने कमर दर्द (कटिशूल) के लिए दी जा रही कटिबस्ति, पत्रपिण्ड स्वेदन, दशांग लेपम और घुटने के दर्द (संधिगतवात) के लिए जानुवस्ति, अभ्यंग व वाष्पस्वेदन जैसी आयुर्वेद पद्धतियों का बारीकी से अवलोकन किया। इसके साथ ही उन्होंने क्षारसूत्र पद्धति से अर्श व भगन्दर का इलाज करवा रहे मरीजों से भी बात की और अस्पताल परिसर में स्थित ‘धन्वन्तरी औषधीय उद्यान’ का निरीक्षण कर वहां लगे औषधीय पौधों की उपयोगिता की जानकारी ली।

जिला आयुष कार्यालय की प्रगति रिपोर्ट
जिला आयुष कार्यालय के सहायक निदेशक डॉ. सी.पी. सेन ने जिले में संचालित आयुर्वेद औषधालयों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, जरावस्था केंद्रों और आरोग्य आदर्श ग्राम योजना के तहत चल रही गतिविधियों की प्रगति रिपोर्ट पेश की। वहीं, आरोग्य समिति के सदस्य श्री राजेन्द्र कुमार गर्ग ने समिति के कार्यों की जानकारी दी।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर कड़े निर्देश
उप शासन सचिव श्री गोपाल परिहार ने चिकित्सालय की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को पूरी भव्यता और सफलता के साथ मनाया जाए तथा आमजन को योग के प्रति जागरूक करने के लिए प्रभावी गतिविधियां संचालित की जाएं।

इस अवसर पर उपस्थित रहे:

निरीक्षण के दौरान डॉ. पारस चौहान, डॉ. सी.पी. सेन, शल्य चिकित्सक डॉ. आशीष सोनी, डॉ. महादेव राज मेवाड़ा, हिमांशु शर्मा, ईश्वर परिहार, हुकुम सिंह, देवेन्द्र कुमार पंवार, धर्मीचन्द रेगर, एएनएम खुशनुमा, नर्स/कम्पाउण्डर दिलीप सहित जिला आयुष कार्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।