जितेन्द्र गौड़
लाखेरी – स्मार्ट हलचल।उपखंड क्षेत्र के देहीखेड़ा में स्थित तालाब में मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। तालाब आबादी क्षेत्र के नजदीक होने के कारण लोगों के साथ-साथ मवेशियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीण हनुमान गुर्जर, अजय मीणा, गौरव सैनी के अनुसार पिछले कुछ दिनों से तालाब में मगरमच्छ देखा जा रहा है। तालाब पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं मवेशी पानी पीने के लिए पहुंचते हैं, जिससे किसी भी समय हादसा होने की आशंका बनी हुई है। मगरमच्छ की मौजूदगी से ग्रामीणों ने बच्चों को तालाब के आसपास जाने से रोक दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि मामले की सूचना वन विभाग को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक मगरमच्छ को पकड़ने अथवा उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाने के लिए कोई कार्यवाही नहीं की गई है। इससे लोगों में विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है। ग्रामीणों ने स्थानीय पंचायत प्रशासन व वन विभाग से शीघ्र कार्रवाई कर मगरमच्छ को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़े जाने की मांग की है, ताकि संभावित दुर्घटना से बचाव हो सके और लोगों में व्याप्त भय का माहौल समाप्त हो सके।
