(महेन्द्र नागौरी)
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल।जिले आसींद के कस्बे के बंक्यारानी माता मंदिर परिसर में राज्य सरकार की पहल पर आयोजित निशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का शनिवार को शुभारंभ हुआ। शिविर के पहले ही दिन 181 मरीजों ने स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और निशुल्क दवाओं का लाभ उठाया।
शिविर का उद्घाटन मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष धर्मीचंद गुर्जर, कोषाध्यक्ष देवीलाल गुर्जर एवं शिविर प्रभारी डॉ. कैलाश चंद्र माणम्या ने दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर प्रभारी डॉ. माणम्या ने बताया कि ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में आयुर्वेद चिकित्सा के प्रति बढ़ते विश्वास के चलते पहले दिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
उन्होंने कहा कि आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति आज भी लोगों को निरोग रखने और रोगों के उपचार में प्रभावी साबित हो रही है। मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष धर्मीचंद गुर्जर ने इस जनहितैषी पहल की सराहना करते हुए चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ का आभार जताया।
शिविर में डॉ. रमेश चंद्र कुमावत, डॉ. अमर सिंह चुंडावत, वरिष्ठ आयुर्वेद कंपाउंडर रामस्वरूप आज्ञाल, सुरेश चंद्र पारीक सहित चिकित्सा दल ने सेवाएं प्रदान कीं। वहीं योग प्रशिक्षक मनफूल शर्मा एवं चंदा रेगर ने भी सहभागिता निभाई।
आयोजकों ने बताया कि निशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर 7 जून को भी जारी रहेगा, जिसमें अधिक से अधिक लोगों से लाभ लेने की अपील की गई है।
