फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज के नारों से गूंजा भीलवाड़ा, बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिक और पुलिस अधिकारी तक बने साइकिल के सारथी’’
भीलवाड़ा (मूलचंद पेसवानी) । रविवार की सुबह भीलवाड़ा की सड़कों पर कुछ अलग ही नजारा देखने को मिला। जहां आम दिनों में पुलिसकर्मी ट्रैफिक संभालते नजर आते हैं, वहीं इस बार वे खुद साइकिल की सवारी करते हुए लोगों को स्वस्थ जीवन और स्वच्छ पर्यावरण का संदेश देते दिखाई दिए। संडे ऑन साइकिल अभियान के तहत निकली भव्य साइकिल रैली ने शहरवासियों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमंत नोगिया के निर्देशानुसार भीलवाड़ा पुलिस विभाग, भीलवाड़ा साइकिल क्लब एवं प्राकृतिक कुल्हड़ ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रैली को सिटी कंट्रोल रूम, स्टेशन चैराहा से सीओ सिटी सज्जन सिंह, सीओ सदर भवानी सिंह तथा वरिष्ठ नागरिक मंच के अध्यक्ष मदन खटोड़ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः सिटी कंट्रोल रूम पहुंचकर सम्पन्न हुई। रैली के दौरान फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज, साइकिल चलाओ, पर्यावरण बचाओ और साइकिल चलाओ, स्वास्थ्य बनाओ जैसे जोशीले नारों से पूरा वातावरण उत्साह और जागरूकता से भर गया। राहगीर भी रैली को देखकर मुस्कुराते नजर आए और कई लोगों ने इस पहल की सराहना की।
सबसे खास बात यह रही कि इस अभियान में केवल युवा ही नहीं, बल्कि वरिष्ठ नागरिकों और नन्हे बालक-बालिकाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। बच्चों का उत्साह और बुजुर्गों का जोश यह संदेश दे रहा था कि स्वस्थ जीवन के लिए उम्र नहीं, बल्कि संकल्प जरूरी होता है। पुलिस विभाग की ओर से थाना कोतवाली प्रभारी हनुमान सिंह, थाना भीमगंज प्रभारी सुनील कुमार, थाना पुर प्रभारी कन्हैयालाल सहित अनेक पुलिस अधिकारियों और जवानों ने स्वयं पूरी दूरी तक साइकिल चलाकर आमजन को प्रेरित किया। पुलिस की यह सकारात्मक और जनसरोकार वाली छवि लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही।
इस अवसर पर सीओ सिटी सज्जन सिंह, सीओ सदर भवानी सिंह एवं वरिष्ठ नागरिक मंच के अध्यक्ष मदन खटोड़ ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, बदलती जीवनशैली और असंतुलित खान-पान के दौर में साइकिल सबसे सरल, सस्ता और प्रभावी स्वास्थ्य साथी है। नियमित साइकिल चलाने से व्यक्ति स्वस्थ रहता है, ईंधन की बचत होती है और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों से साइकिल को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिक ही मजबूत समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव होते हैं। ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
साइकिल क्लब प्रभारी अरुण संतोष मुछाल ने बताया कि अभियान का उद्देश्य आमजन में नियमित साइकिल चलाने की आदत विकसित करना, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए पुलिस विभाग, जिला प्रशासन एवं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
