गंगापुर सिटी में नि:शुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर का आयोजन, सैकड़ों लोगों ने उठाया लाभ

गंगापुर सिटी/स्मार्ट हलचल। शहर के नहर रोड स्थित संकट मोचन हनुमान जी मंदिर, धन्वन्तरी नगर में रविवार को एक विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों लोगों ने विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांच करवाकर लाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि के चित्रपट के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस पहल की सराहना की।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम द्वारा करीब 500 लोगों की शुगर, लिपिड प्रोफाइल, थायराइड, कैल्शियम, सीबीसी, यूरिक एसिड, ब्लड प्रेशर, वजन तथा नेत्र जांच सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांचें नि:शुल्क की गईं। जांच के साथ-साथ लोगों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आर्यन शर्मा (प्रदेश अध्यक्ष, भारतीय श्रमिक कामगार कर्मचारी महासंघ, भारतीय जनता पार्टी) रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में डॉ. हेमंत शर्मा, डॉ. विजेंद्र गुप्ता (पीएमओ, जिला अस्पताल गंगापुर सिटी), गोविंद बरनाला (जिला अध्यक्ष, अग्रवाल समाज), रेखा गुप्ता (महिला जिला अध्यक्ष, अग्रवाल समाज), जमनालाल वैष्णव, विनोद अटल, मनोज बंसल, मिथलेश व्यास, ओम कटारिया, रेनू आर्य, राधा मोहन गोयल एवं विजय गोयल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में समय-समय पर स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन अत्यंत आवश्यक है, जिससे लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़े और बीमारियों का समय रहते पता लग सके।
उन्होंने कहा कि शिविर में लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी यह दर्शाती है कि आमजन अब अपने स्वास्थ्य के प्रति अधिक सजग हो रहे हैं। अतिथियों ने कार्यक्रम संयोजक विजय गुप्ता (विक्की ) समाजसेवी व आयोजन समिति की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता बताई।
शिविर के सफल आयोजन पर स्थानीय नागरिकों ने आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए इसे समाजहित में एक सराहनीय पहल बताया। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के लिए लोगों की लगातार भीड़ बनी रही और पूरे आयोजन का माहौल उत्साहपूर्ण रहा। कार्यक्रम में संजय राखी, कपिल जांगिड़, मनीष गोयल, अंकित, घनश्याम खिरकड़ा, विजय, प्रेमचंद तलावड़ा, लोकेश सोगानी आदि सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे I