लायंस क्लब समर्पण की नवीन कार्यकारिणी का गठन, क्लब समाज सेवा के नए संकल्प के साथ करेगा वर्षभर जनकल्याण के कार्य

गंगापुर सिटी, स्मार्ट हलचल। लायंस क्लब समर्पण द्वारा लायन वर्ष 2026-27 के लिए नवीन कार्यकारिणी का गठन गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में चुनाव अधिकारी के रूप में क्लब के एक्सटेंशन चेयरमैन लायन सोमदत्त शर्मा तथा गाइडिंग लायन राजेंद्र गौतम उपस्थित रहे। उनकी देखरेख में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों ने सेवा, समर्पण एवं संगठन की भावना के साथ समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक में सर्वसम्मति से लायन प्रदीप सोनी को लायन वर्ष 2026-27 के लिए क्लब अध्यक्ष मनोनीत किया गया। वहीं लायन जयंत अग्रवाल को क्लब सचिव तथा लायन धीरज उपाध्याय को क्लब कोषाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई।
इसके अतिरिक्त लायन अमित जैमिनी को प्रथम उपाध्यक्ष एवं लायन सचिन शर्मा (सीपी हॉस्पिटल) को द्वितीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। नई कार्यकारिणी में लायन पीयूष स्वामी को क्लब प्रशासक, लायन दिव्य जैन को मेंबरशिप चेयरमैन, लायन हनुमान शर्मा को टेल टैमर, लायन सचिन खंडेलवाल को मार्केटिंग चेयरपर्सन तथा लायन बनवारी सोनी को टेल ट्विस्टर के दायित्व से मनोनीत किया गया। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया तथा उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। इसअवसर पर चुनाव अधिकारी लायन सोमदत्त शर्मा ने कहा कि लायंस क्लब का मूल उद्देश्य मानव सेवा है और नई कार्यकारिणी निश्चित रूप से सेवा कार्यों की इस परंपरा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी। गाइडिंग लायन राजेंद्र गौतम ने कहा कि संगठन की वास्तविक पहचान उसके सेवा कार्यों से होती है और लायंस क्लब समर्पण सदैव समाज के हर वर्ग के साथ खड़ा रहा है।नवनिर्वाचित अध्यक्ष लायन प्रदीप सोनी ने अपने संबोधन में कहा कि आगामी लायन वर्ष में क्लब केवल औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जनहित एवं समाज सेवा को केंद्र में रखते हुए पूरे वर्ष व्यापक स्तर पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन करेगा। क्लब द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन सहयोग, रक्तदान शिविर, पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण अभियान, जल संरक्षण एवं पक्षियों के लिए परिंडे लगाने का अभियान, जरूरतमंद विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरण, गरीब एवं असहाय परिवारों की सहायता, महिला सशक्तिकरण एवं युवा जागरूकता कार्यक्रम, पोषण अभियान, स्वच्छता अभियान, गौसेवा, दिव्यांगजन सहयोग, आपदा राहत कार्य तथा राष्ट्रीय एवं सामाजिक अवसरों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।उन्होंने आगे कहा कि क्लब का प्रयास रहेगा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा का लाभ पहुंचे तथा अधिक से अधिक युवाओं और समाजसेवियों को संगठन से जोड़कर सेवा कार्यों को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए। क्लब शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक समरसता के क्षेत्रों में विशेष रूप से कार्य करेगा तथा स्थानीय प्रशासन एवं सामाजिक संगठनों के सहयोग से कई जनकल्याणकारी परियोजनाओं को भी संचालित करेगा।कार्यक्रम के अंत में सभी क्लब सदस्यों ने नई कार्यकारिणी के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए आशा जताई कि लायन वर्ष 2026-27 लायंस क्लब समर्पण के लिए सेवा, संगठन और सामाजिक उपलब्धियों का स्वर्णिम वर्ष सिद्ध होगा उपस्थित सभी सदस्यों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए समाज सेवा के इस अभियान में पूर्ण सहयोग का संकल्प लिया।