गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल और आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर पूर्व राज्यमंत्री ने साधा निशाना
चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्रसिंह जाड़ावत ने घरेलू गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल एवं आवश्यक उपभोक्ता वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आमजन को राहत देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम लोगों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है और सरकार को इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
जाड़ावत ने जारी बयान में कहा कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में हाल ही में फिर वृद्धि की गई है, जिससे पहले से ही आर्थिक दबाव झेल रहे मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर और गरीब परिवारों की परेशानियां और बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई के कारण आमजन की क्रय शक्ति प्रभावित हो रही है तथा घर-गृहस्थी चलाना कठिन होता जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले महंगाई कम करने और आम जनता को राहत देने का वादा किया था, लेकिन वर्तमान में रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल, खाद्य सामग्री तथा दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है। इसका सीधा असर आम परिवारों के जीवन स्तर पर पड़ रहा है।
पूर्व राज्यमंत्री ने वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जीएसटी लागू करते समय कर प्रणाली को सरल बनाने और वस्तुओं को सस्ता करने का दावा किया गया था, लेकिन वर्तमान स्थिति में आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ता दिखाई दे रहा है।
जाड़ावत ने कहा कि बढ़ती महंगाई के कारण परिवारों की बचत लगातार घट रही है, छोटे व्यापार प्रभावित हो रहे हैं और युवाओं व कर्मचारियों की आय की तुलना में खर्च तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में आमजन को राहत पहुंचाने के लिए ठोस आर्थिक कदम उठाने की आवश्यकता है।
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में राहत दी जाए, पेट्रोल एवं डीजल पर करों की समीक्षा कर आमजन को राहत पहुंचाई जाए तथा आवश्यक उपभोक्ता वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी उपाय किए जाएं।
जाड़ावत ने कहा कि महंगाई पर नियंत्रण और आमजन को राहत देना किसी भी सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जनता अब महंगाई के मुद्दे पर जवाब चाहती है और सरकार को इस दिशा में गंभीरता से कदम उठाने चाहिए।
