अवैध हूटर, काली फिल्म, प्रेशर हॉर्न और नियम विरुद्ध नंबर प्लेटों के खिलाफ डीजीपी के निर्देश पर प्रदेशव्यापी धरपकड़ अभियान जारी
जयपुर 07 जून।स्मार्ट हलचल।महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर पूरे प्रदेश में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले और वीआईपी कल्चर का रौब झाड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ एक विशेष महा-अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के पांचवें और छठे दिन प्रदेश के सभी जिलों में एक साथ बड़े स्तर पर नाकेबंदी और चेकिंग की गई। इन दो दिनों के भीतर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए कुल 16,656 से अधिक वाहनों के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्यवाही को अंजाम दिया है।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस यातायात डॉ बी एल मीणा ने बताया कि अभियान के दौरान पुलिस ने वाहनों में किए गए अवैध संशोधन, अनधिकृत लाल-नीली बत्तियां, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट, प्रेशर हॉर्न, ब्लैक फिल्म, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट तथा वाहनों पर लिखे गए अनधिकृत शब्द, चिन्ह एवं लेखन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की।
*काली फिल्म और दोषपूर्ण नंबर प्लेटों पर सबसे ज्यादा गाज*
अभियान के दौरान पुलिस ने सबसे ज्यादा कार्यवाही सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अवहेलना कर शीशों पर काली फिल्म चढ़ाने वाले और नियम विरुद्ध नंबर प्लेटों पर नाम, पद या अनाधिकृत चिन्ह लिखवाने वाले चालकों पर की है। दो दिनों में काली फिल्म के कुल 6,406 मामले और नियम विरुद्ध नंबर प्लेटों के 4,621 मामले पकड़े गए।
*श्रेणीवार दो दिवसीय संयुक्त कार्यवाही का विवरण:*
■ *वाहन के शीशों पर काली फिल्म (ब्लैक फिल्म):* 6,406 वाहन
■ *नियम विरुद्ध नम्बर प्लेट एवं पंजीयन चिन्ह:* 4,621 वाहन
■ *वाहन पर अनाधिकृत शब्द, चिन्ह एवं लेखन:* 2,228 वाहन
■ *वाहन की संरचना (बॉडी/चेसिस) में अवैध परिवर्तन:* 1,533 वाहन
■ *अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर व स्टोब लाइट:* 998 वाहन
■ *ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले प्रेशर हॉर्न / एयर हॉर्न:* 870 वाहन
*कोटा सिटी और झालावाड़ पुलिस की सबसे बड़ी कार्यवाही*
आंकड़ों के विश्लेषण के अनुसार, कोटा शहर पुलिस पूरे प्रदेश में सबसे आक्रामक मोड में दिखाई दी। कोटा सिटी पुलिस ने दोनों दिनों में कुल 1,899 वाहनों पर चालान व जब्ती की कार्यवाही की। इसके अलावा झालावाड़ पुलिस ने छठे दिन को रिकॉर्ड रफ्तार पकड़ते हुए एक ही दिन में 813 वाहनों पर कार्रवाई की। वहीं, राजधानी जयपुर में DCP ट्रैफिक जयपुर की टीम ने दोनों दिनों में मिलकर 1,268 उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ सख्त एक्शन लिया।
*”नियम तोड़ेंगे तो भुगतना पड़ेगा”*
एडीजी डॉ मीणा ने बताया कि यह अभियान केवल सांकेतिक नहीं है, बल्कि सड़कों को आमजन के लिए सुरक्षित बनाने का एक निरंतर प्रयास है। वाहनों में अवैध रूप से बत्तियां लगाकर खुद को कानून से ऊपर दिखाने की कोशिश करने वालों, सड़कों पर तेज प्रेशर हॉर्न बजाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों और काली फिल्म की आड़ में संदिग्ध गतिविधियों को अंजाम देने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
————-
