बिन्टू कुमार
नारायणपुर | स्मार्ट हलचल।ग्राम पंचायत बिलाली स्थित शीतला माता मंदिर में आयोजित 9 दिवसीय 108 कुंडात्मक शीतला महाचण्डी महायज्ञ में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्र सहित दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। महायज्ञ में विद्वान पंडितों के सानिध्य में प्रतिदिन यजमानों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां अर्पित की जा रही हैं। श्रद्धालु महायज्ञ की परिक्रमा लगाकर परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि तथा खुशहाली की कामना कर रहे हैं। रविवार को क्षेत्रीय विधायक देवीसिंह शेखावत भी शीतला माता मंदिर पहुंचे। उन्होंने माता के दर्शन कर धोक लगाई तथा महायज्ञ की परिक्रमा कर क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र की धार्मिक आस्था का बड़ा केंद्र बताया। महायज्ञ के तहत आयोजित भंडारे में प्रतिदिन आसपास के गांवों एवं क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालु पंगत प्रसादी ग्रहण कर रहे हैं। आयोजन समिति के अनुसार महायज्ञ का समापन 9 जून को पूर्णाहुति के साथ होगा।
