भीलवाड़ा । औद्योगिक नगरी भीलवाड़ा के रीको एरिया थर्ड फेज में सोमवार शाम उस वक्त हडकंप मच गया, जब एक गोदाम में भीषण आग लग गई। इस परिसर में दो से तीन गोदाम बताये जा रहे हैं। शाम करीब 5 बजे लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे गोदाम परिसर को अपने आगोश में ले लिया। आसमान में उठते काले धुएं के गुबार और ऊंची लपटों को देखकर इलाके में दहशत फैल गई। मौके पर पांच दमकलें मौजूद है, जिनकी मदद से आग पर काबू पाने के प्रयास किये जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रताप नगर थाना क्षेत्र के रीको थर्ड फेज स्थित एमडी क्रिएशन के गोदाम में सोमवार शाम अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। इस घटना से इलाके में हडकंप मच गया। बताया गया है कि इस गोदाम के पीछे भी गोदाम है, जिसमें भी आग लगने की जानकारी मिली है। गोदाम में कपड़ा बताया जा रहा है। आग इतनी भीषण थी कि दूर-दूर से इसकी भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता था।
सूचना मिलते ही एक के बाद एक दमकल की 5 गाडिय़ां मौके पर पहुंची है, आग की तीव्रता को देखते हुए अतिरिक्त संसाधनों को भी काम में लिया जा रहा। फिलहाल शाम 7 बजे तक भी आग बुझाने के प्रयास युद्ध स्तर पर जारी हैं। इस घटना के कारण इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई और अफरातफरी का माहौल बना रहा। गनीमत यह रही कि अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन गोदाम में रखा करोड़ो का माल जलकर खाक होने की आशंका है।










