दिलखुश मोटीस
सावर(अजमेर)@स्मार्ट हलचल।सावर थाना क्षेत्र के ग्राम सदारा में रविवार को तेज अंधड़ और बारिश के दौरान खेत पर बने कच्चे मकान की दीवार गिरने से एक बुजुर्ग किसान की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार सदारा निवासी रामकिशन कहार पुत्र कालू कहार खेत पर बने कच्चे मकान में बारिश और अंधड़ से बचने के लिए बैठे हुए थे। इसी दौरान तेज हवा और बारिश के कारण मकान की दीवार अचानक ढह गई, जिससे वह मलबे में दब गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा सावर पुलिस को अवगत कराया। सूचना पर एएसआई किशनलाल जाट पुलिस जाप्ते के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने शव को सावर चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया। मृतक का पोस्टमार्टम सोमवार सुबह कराया जाएगा।
गौरतलब है कि सावर क्षेत्र में पिछले दो दिनों से तेज अंधड़ और बारिश का दौर जारी है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने के साथ कई स्थानों पर नुकसान की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।
