सिरोही। स्मार्ट हलचल।राष्ट्रीय स्तर पर आदिवासी समाज की एकता, शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और अधिकारों के लिए कार्यरत राष्ट्रीय आदिवासी एकता मंच, नई दिल्ली ने संगठन विस्तार के तहत सिरोही जिले में नई नियुक्ति की घोषणा की है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशवंत सिंह दरबार के निर्देशन में राष्ट्रीय महासचिव राकेश मीणा (वरिष्ठ पत्रकार) ने भंवर लाल मीणा को सिरोही जिला अध्यक्ष पद पर मनोनीत किया है।
नियुक्ति की घोषणा के साथ ही भंवर लाल मीणा को संगठन को जिला स्तर पर मजबूत करने तथा अधिक से अधिक युवाओं, समाजसेवियों और जागरूक नागरिकों को मंच से जोड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन की ओर से उन्हें शीघ्र ही सिरोही जिला कार्यकारिणी का गठन करने तथा ब्लॉक एवं पंचायत स्तर तक संगठन का विस्तार करने के निर्देश दिए गए हैं।
राष्ट्रीय महासचिव राकेश मीणा ने कहा कि राष्ट्रीय आदिवासी एकता मंच देशभर में आदिवासी समाज के सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक और राजनीतिक सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रहा है। ऐसे में संगठन को मजबूत नेतृत्व की आवश्यकता है। भंवर लाल मीणा लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं तथा समाज हित के मुद्दों पर उनकी सकारात्मक भूमिका को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भंवर लाल मीणा के नेतृत्व में सिरोही जिले में संगठन को नई मजबूती मिलेगी और आदिवासी समाज की आवाज को और अधिक प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा। साथ ही शिक्षा, रोजगार, युवा नेतृत्व विकास, सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन तथा संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता जैसे विषयों पर व्यापक अभियान चलाए जाएंगे।
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष भंवर लाल मीणा ने संगठन नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन के उद्देश्यों को गांव-गांव तक पहुंचाने, युवाओं को जोड़ने तथा आदिवासी समाज की एकता को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शीघ्र ही जिला कार्यकारिणी का गठन कर संगठन की गतिविधियों को गति दी जाएगी तथा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
