राजस्थान से अकेले अनंत लड्डा को मिला ‘यूथ फॉर विकसित भारत’ सम्मान
कोटा। स्मार्ट हलचल।शिक्षा नगरी कोटा के युवा वित्तीय कंटेंट क्रिएटर अनंत लड्डा ने एक बार फिर शहर और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। नई दिल्ली के त्यागराज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित माए भारत के के “यूथ फॉर विकसित भारत” में उन्हें वित्तीय जागरूकता से जुड़े उत्कृष्ट डिजिटल कंटेंट निर्माण के लिए राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया। यह सम्मान केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता तथा प्रसिद्ध अभिनेता विक्रांत मैसी ने प्रदान किया।
देशभर से चयनित मात्र नो कंटेंट क्रिएटर्स को इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया, जिनमें राजस्थान से सम्मानित होने वाले अनंत लड्डा एकमात्र प्रतिनिधि रहे। कार्यक्रम में हजारों युवाओं की उपस्थिति के बीच सम्मान प्राप्त करना उनके लिए गौरवपूर्ण और प्रेरणादायी क्षण रहा।
Forbes 30 Under 30 एशिया 2025 में भी दर्ज है नाम
अनंत लड्डा भारत के अग्रणी वित्तीय कंटेंट क्रिएटर्स में गिने जाते हैं। सोशल मीडिया पर उनके तीन मिलियन से अधिक फॉलोअर्स हैं। वे चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA), चार्टर्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट (CFA) और सर्टिफाइड फाइनेंशियल प्लानर (CFP) हैं। उनके विचारों को देश के प्रमुख मीडिया प्रकाशनों में नियमित रूप से स्थान मिलता है। इससे पूर्व वे प्रतिष्ठित Forbes 30 Under 30 Asia 2025 सूची में भी अपना नाम दर्ज करा चुके हैं।
सम्मान को बताया जिम्मेदारी का प्रतीक
सम्मान प्राप्त करने के बाद अनंत लड्डा ने कहा कि हजारों युवाओं की उपस्थिति में यह पुरस्कार पाना उनके लिए महज एक पुरस्कार नहीं, बल्कि डिजिटल कंटेंट की शक्ति और प्रभाव की जिम्मेदारी का स्मरण है। उन्होंने कहा कि आज कंटेंट क्रिएशन केवल वीडियो, व्यूज और फॉलोअर्स तक सीमित नहीं रहा — यह शिक्षित करने, जागरूकता फैलाने, आत्मविश्वास बढ़ाने और सूचना तथा जनसामान्य के बीच सेतु बनने का माध्यम बन चुका है।
उन्होंने MY Bharat को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह सम्मान उन सभी लोगों का है जिन्होंने उनकी यात्रा में सहयोग दिया, उनके कंटेंट पर विश्वास किया और उन्हें ईमानदारी व उद्देश्य के साथ सृजन करते रहने की प्रेरणा दी।
