गंगापुर – कस्बे में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा महोत्सव का भव्य शुभारंभ मंगलवार, 9 जून से होगा और 15 जून तक चलेगा। मध्यप्रदेश के निनोरा धाम के कथावाचक पंडित मिथिलेश नागर श्रद्धालुओं को अपनी सुमधुर वाणी से भागवत कथा का रसपान कराएंगे। आयोजन समिति के संरक्षक छोटूलाल माली ने जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार सुबह 9 बजे पंच तीर्थ बालाजी मंदिर से एक कलश यात्रा गाजे-बाजे के साथ निकाली जाएगी। यह यात्रा नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए कथास्थल माहेश्वरी सेवा संस्थान पहुंचेगी। यात्रा के स्वागत के लिए जगह-जगह भव्य स्वागत द्वार सजाए गए हैं, जहां श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का अभिनंदन किया जाएगा।
महोत्सव की पूर्व तैयारियों को लेकर रविवार को कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिसमें कथा के सफल संचालन व विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से रूपरेखा तैयार की गई। सुचारू व्यवस्था के लिए कथास्थल, भोजन, आवास,पेयजल, पार्किंग और स्वागत समितियों का गठन कर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। समिति ने बताया कि कथा प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शुरू होगी। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन व ठहरने के विशेष प्रबंध किए गए हैं। बैठक में कार्यकर्ता व श्रद्धालु मौजूद थे।
