ब्यावर के इतिहास में दर्ज हुआ स्वर्ण अक्षरों में दिन: आचार्य श्री विहर्ष सागर जी महाराज का भव्य मंगल प्रवेश

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल।ब्यावर नगर में आज श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का एक ऐसा सैलाब उमड़ा कि पूरा शहर ‘जय जिनेंद्र’ और गुरुवर के जयकारों से गूंज उठा। सकल दिगम्बर जैन समाज के तत्वावधान में राष्ट्र संत आचार्य श्री 108 विहर्ष सागर जी महाराज ससंघ का ब्यावर नगर में ऐतिहासिक और भव्य मंगल प्रवेश हुआ। इस अलौकिक अवसर पर पूरे नगर को दुल्हन की तरह सजाया गया और माहौल पूरी तरह धर्ममय नजर आया।
भक्ति संगीत और मंगल कलश के साथ निकली भव्य यात्रा
दिगम्बर जैन समाज के प्रवक्ता राकेश जैन ने बताया कि आचार्यश्री की अगवानी के लिए समाज के युवाओं, महिलाओं और बच्चों में अभूतपूर्व उत्साह था। मंगल प्रवेश यात्रा का शुभारंभ प्रातः विक्रांत होटल, भगत चौराहा से हुआ।
पारंपरिक स्वागत: केसरिया और पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर यात्रा की शोभा बढ़ाई।
पाद प्रक्षालन: यात्रा के मार्ग में आने वाले हर घर और चौराहे पर श्रद्धालुओं ने पलक-पावड़े बिछाकर आचार्यश्री का पाद प्रक्षालन किया और आरती उतारकर आशीर्वाद लिया।

नगर भ्रमण: यह भव्य यात्रा विक्रांत होटल से शुरू होकर बड़ा मंदिर जी, पांच बत्ती, अजमेरी गेट जैसे प्रमुख मार्गों से होती हुई श्री दिगम्बर जैन पंचायती नसिया जी पहुँची।
नसिया जी में प्रतिदिन बहती रहेगी अध्यात्म की गंगा
समाज के अध्यक्ष सुशील बड़जात्या एवं मंत्री रितेश फागीवाल ने संयुक्त रूप से बताया कि आचार्यश्री के ससंघ आगमन से ब्यावर में धर्म प्रभावना को एक नई दिशा मिलेगी। आगामी दिनों में कई धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन होंगे।
सूरजपोल गेट के बाहर स्थित श्री दिगम्बर जैन पंचायती नसिया में प्रतिदिन आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रमों का समय इस प्रकार रहेगा:

अमृत वेला व वंदना: प्रातः 05:30 बजे (सामूहिक भक्ति)
अभिषेक व शांतिधारा: प्रातः 07:30 बजे
दिव्य देशना (मंगल प्रवचन): प्रातः 08:00 बजे
आहार चर्या: प्रातः 09:30 बजे
सामायिक व स्वाध्याय: दोपहर 11:30 बजे एवं 03:30 बजे
गुरु भक्ति व आनंद यात्रा: सायं 06:30 बजे
जैन समाज के पदाधिकारियों ने समस्त नगरवासियों और धर्मानुरागी बंधुओं से अपील की है कि वे समय पर उपस्थित होकर गुरुदेव के दर्शन व प्रवचनों का लाभ उठाएं और अपने जीवन को कल्याण के मार्ग पर अग्रसर करें।