उदयपुर 12 जून|स्मार्ट हलचल।वर्ष 2025 के सितम्बर माह में पदोन्नति के बाद से राज्य के लगभग 12 हजार उप प्राचार्य अपने पदस्थापन के लिए काउंसलिंग का इंतज़ार कर रहे हैं। इस बाबत रेसा वीपी के बैनर तले उप प्राचार्यों द्वारा आज जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
जिला अध्यक्ष डॉ इंद्रजीत सिंह राणा के अनुसार वर्ष 2023-24 एवं 24-25 के लिए पदोन्नत वाइस प्रिंसिपल्स को पदस्थापन के लिए काउंसलिंग एवं सत्र 2025-26 एवं 26-27 के प्रिंसिपल पद पर नियमित डीपीसी शीघ्र कराने के लिए मुख्यमंत्री,शिक्षामंत्री,शिक्षा सचिव एवं माध्यमिक शिक्षा निदेशक को जिला कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन भिजवाये गये हैं।
ज्ञापन में बताया गया है कि काउंसलिंग नहीं होने से राज्य में कही कही एक ही विद्यालय में एकाधिक उप प्राचार्य कार्यरत होने से प्रशासनिक कार्य विभाजन, शैक्षणिक संचालन एवं संस्थागत अनुशासन गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं साथ कई स्थानों पर उप प्राचार्यों के अधिशेष होने से वेतन आहरण एवं सेवा संबंधी अन्य व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
दूसरी ओर विगत दो सत्रों से प्रिंसिपल डीपीसी नहीं होने से प्रशासनिक पदानुक्रम एवं पदस्थापन व्यवस्था में असंतुलन बना हुआ है जो कि शिक्षण व्यवस्था की स्थिरता एवं गुणवत्ता को प्रभावित कर रहा है।
ज्ञापन में संगठन की उक्त दोनों मांगों को अविलंब पूर्ण किए जाने की मांग की गई है।
इस अवसर पर अध्यक्ष डॉ इंद्रजीत सिंह राणा,महामंत्री डॉ देवीलाल गर्ग,सभाध्यक्ष त्रिभुवन चौबीसा,कोषाध्यक्ष दीपक मंत्री,निरंजन पटवारी,महिला मंत्री प्रमिला पगारिया , ज़िला प्रवक्ता राजेंद्र भूखिया,महिला उपाध्यक्ष मीरा फ़नात,देवेंद्र मेनारिया,पुष्पेंद्र चौबीसा,प्रीति गौड, सोमना गोयलआदि पदाधिकारी उपस्थित रहे।
