गंगापुर में सांड का बुजुर्ग महिला पर जानलेवा हमला, गंभीर घायल

गंगापुर। कस्बे में निराश्रित सांडों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है, जिससे आमजन का जीना दुश्वार हो गया है। शुक्रवार को इसी क्रम में बस स्टैंड क्षेत्र में पानी पिलाने का नेककार्य कर रही एक बुजुर्ग महिला को सांड ने अचानक अपनी चपेट में ले लिया। सांड के जोरदार हमले से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल उपचार के लिए गंगापुर चिकित्सालय में भर्ती कराया गया । स्थानीय नागरिकों ने गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि निराश्रित सांडों की समस्या को लेकर न केवल बार-बार ज्ञापन दिए गए, बल्कि सोशल मीडिया, समाचार पत्रों और पालिका प्रशासन को मौखिक रूप से भी कई बार अवगत कराया गया है। इसके बावजूद प्रशासन ने निराश्रित सांडों को गौशालाओं में शिफ्ट करने या समस्या का कोई स्थायी समाधान निकालने की दिशा में अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की है।
लोगों का आरोप है कि प्रशासन की इस उदासीनता के कारण अब तक कई बुजुर्ग, महिलाएं और नागरिक इन सांडों के हमलों का शिकार होकर गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। कई पीड़ितों की हड्डियां तक टूट चुकी हैं, जबकि आए दिन वाहनों के क्षतिग्रस्त होने और व्यापारियों को नुकसान झेलने की खबरें आम हो गई हैं।
आक्रोशित नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और निराश्रित सांडों के सुरक्षित प्रबंधन एवं गौशाला स्थानांतरण की तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने समय रहते प्रभावी कदमनहीं उठाए, तो जनहित में आमजन स्वयं सहयोग राशि एकत्रित कर इस समस्या के समाधान के लिए वैकल्पिक रास्ता अपनाने पर विवश होंगे। साथ ही, नगरवासियों ने सभी जागरूक नागरिकों से इस गंभीर मुद्दे पर एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की है।