विलोपित नर्सेज का वेतन अटका, एमजीएच में फूटा आक्रोश, नर्सिंग अधीक्षक और पीएमओ का घेराव

(पंकज पोरवाल)

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल।राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन, भीलवाड़ा के तत्वाधान में विलोपित नर्सेज के लंबित वेतन भुगतान को लेकर शुक्रवार को महात्मा गांधी अस्पताल में नर्सिंग कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज कर्मचारियों ने नर्सिंग अधीक्षक एवं प्रमुख चिकित्सा अधिकारी (पीएमओ) कार्यालय का घेराव कर प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों और पीएमओ के बीच वेतन भुगतान में हो रही देरी को लेकर तीखी बहस भी हुई। राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष नारायण लाल माली और मुख्य संरक्षक फरीद मोहम्मद रंगरेज के नेतृत्व में मेडिकल कॉलेज में विलोपित चल रहे 83 नर्सेज कर्मियों के पिछले 3 महीनों के बकाया वेतन का भुगतान न होने से नाराज नर्सेज ने महात्मा गांधी अस्पताल में जमकर प्रदर्शन किया। शुक्रवार को भारी संख्या में एकत्रित हुए नर्सेज कर्मियों ने सबसे पहले महात्मा गांधी अस्पताल के नर्सिंग अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में अस्पताल परिसर में जमकर नारेबाजी की और प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। नर्सिंग अधीक्षक कार्यालय पर प्रदर्शन करने के बाद नर्सेज कर्मी एक रैली के रूप में प्रमुख चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पहुंचे। वहां भी नर्सेज ने भारी नारेबाजी करते हुए पीएमओ डॉक्टर अरुण कुमार गौड़ का घेराव कर लिया। इस दौरान माहौल काफी गरमा गया और नर्सेज नेताओं तथा पीएमओ डॉ. अरुण कुमार गौड़ के बीच तीखी बहस भी हुई। नर्सेज नेताओं ने चेतावनी दी गई है कि यदि विलोपित 83 नर्सेज कर्मियों के पिछले 3 महीनों के बकाया वेतन का अविलंब भुगतान नहीं किया गया, तो आगामी 15 जून 2026 से मेडिकल कॉलेज के कर्मचारी 2 घंटे का कार्य बहिष्कार करेंगे और धरना देंगे। तथा जब तक मांग पूरी नहीं होती, तब तक रोजाना पीएमओ ऑफिस के बाहर धरना दिया जाएगा। इस आंदोलन और कार्य बहिष्कार से अस्पताल में होने वाली किसी भी प्रकार की अव्यवस्था और मरीजों को होने वाली परेशानी की पूरी जिम्मेदारी अस्पताल प्रशासन की होगी। इस मौके पर सांवरमल सोनी, विनोद वर्मा, सोहन लाल बैरवा, गोविंद राम शर्मा, विमला व्यास, अन्नू कंवर राठौड़, मधु शर्मा, कमला पहाड़िया, आर्जुमन इरफाना, दिनेश पांडे, दीनबंधु, विश्वनाथ, मनोज कुमार धाकड़, विवेक टेलर, आशीष डीडवानिया मौजूद रहे।