पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना का मंदिर समिति ने किया सम्मान, भजनों से देर रात तक गुंजायमान रहा मंदिर परिसर
निंबाहेड़ा, 13 जून,2026
(ज़ाकिर हुसैन)
स्मार्ट हलचल।निंबाहेड़ा उपखंड की ग्राम पंचायत बाड़ी स्थित मानसरोवर बांध पर विराजमान नवग्रह श्री शनिदेव महाराज मंदिर में शनिवार को आयोजित विशाल भजन संध्या श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम बन गई। एक दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान शनिदेव महाराज के दर्शन किए तथा भजन-कीर्तन का आनंद लिया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में श्री शनिदेव मंदिर समिति के अध्यक्ष भंवरलाल सुथार सहित बंशीलाल कुमावत, अशोक सेन, श्यामलाल कुमावत, पर्वत सिंह आंजना, मानमल रेगर, राहुल गुर्जर एवं अशोक तेली तथा भजन संध्या के आयोजक ग्राम सेमलिया निवासी पूर्व उपसरपंच दिनेश धाकड़ ने राजस्थान सरकार के पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना, चित्तौड़गढ़ जिला फुटबॉल संघ के कोषाध्यक्ष मनोज पारख सहित मंचासीन अतिथियों का उपराना ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
स्वागत समारोह के पश्चात पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना ने नवग्रह श्री शनिदेव महाराज के दर्शन कर प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली, उत्तम वर्षा, किसानों की उन्नति तथा जनकल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा आपसी भाईचारा, सद्भाव और संस्कारों को मजबूती मिलती है।
विशाल भजन संध्या में भजन गायिका यशोदा कुमावत बाड़ी, प्रसिद्ध भजन गायक नागराज एवं बाल भजन गायिका श्याम दीवानी काव्या ने अपनी मधुर एवं भक्तिमय प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर “जय श्री शनिदेव महाराज” के जयघोषों से गुंजायमान रहा।
श्रद्धालुओं ने भगवान शनिदेव को तेल, पुष्प एवं नैवेद्य अर्पित कर पूजा-अर्चना की तथा परिवार, समाज और राष्ट्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की मंगलकामना की। मंदिर परिसर में व्याप्त आध्यात्मिक वातावरण ने उपस्थित श्रद्धालुओं को विशेष आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान की।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत बाड़ी के प्रशासक गोपाल रेगर, उपसरपंच कैलाश आंजना, डला उर्फ किशनपुरा प्रशासक बाबूलाल धाकड़, गाडोला प्रशासक प्रतिनिधि देवीलाल मीणा, विकास धाकड़, संतोष पुरिया, ललित नायक सहित अनेक जनप्रतिनिधि, कांग्रेसजन, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में शनिदेव महाराज की महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बड़ी श्रद्धा के साथ भाग लिया।
