ब्यावर में नकली पान मसाला फैक्ट्री का भंडाफोड़: रजनीगंधा और तानसेन के नाम पर बिक रहा था ‘जहर’, 4 गिरफ्तार

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल।आमजन के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर नामी ब्रांड्स के नाम पर नकली पान मसाला बनाने वाले एक बड़े गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। जिला स्पेशल टीम (DST) और थाना ब्यावर सदर पुलिस ने एक संयुक्त और त्वरित कार्रवाई करते हुए शहर के मेडिया बस्ती इलाके में चल रही एक अवैध फैक्ट्री पर छापा मारा। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नकली रजनीगंधा, तानसेन पान मसाला, तुलसी जर्दा, पैकिंग मशीनें और सप्लाई में प्रयुक्त दो लग्जरी वाहन जब्त किए हैं। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
यह पूरी कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक (SP) रतन सिंह के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उजैनिया एवं वृताधिकारी राजेश कसाना के निकट सुपरविजन में अंजाम दी गई।
‘फर्जी ग्राहक’ बनकर पुलिस ने पुख्ता की सूचना
पुलिस अधीक्षक रतन सिंह ने बताया कि 12 जून 2026 को जिला स्पेशल टीम को विशेष मुखबिरों से सूचना मिली थी कि ब्यावर शहर के बाहरी इलाके ‘मेडिया’ में एक मकान के भीतर नामी ब्रांड्स का नकली पान मसाला तैयार कर बाजार में खपाया जा रहा है।

इस सूचना पर डीएसटी ने एक सटीक जाल बिछाया। पुलिस टीम के सदस्यों ने खुद ‘फर्जी खरीदार’ बनकर फैक्ट्री और वहां तैयार हो रहे नकली माल का गुप्त रूप से सत्यापन किया। जब सूचना शत-प्रतिशत सही पाई गई, तो डीएसटी व ब्यावर सदर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से बिना वक्त गंवाए मेडिया बस्ती स्थित उस मकान पर अचानक दबिश दे दी।
खाकी को देख भागने लगे आरोपी, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो मकान के बाहर माल की सप्लाई के लिए एक स्कोर्पियो और एक ईको वैन खड़ी मिली। पुलिस ने जैसे ही मकान के भीतर प्रवेश किया, वहां बैठे चार युवक पुलिस जाब्ते को देखकर हड़बड़ा गए और भागने की कोशिश करने लगे। मुस्तैद पुलिस टीम ने फुर्ती दिखाते हुए घेराबंदी की और चारों आरोपियों को मौके पर ही दबोच (डिटेन) लिया।
जब मकान की गहनता से तलाशी ली गई, तो अंदर का नजारा देखकर अधिकारी भी दंग रह गए। वहां ब्रांडेड कंपनियों की हूबहू पैकिंग तैयार करने का पूरा अवैध कारखाना चल रहा था।

बरामदगी का ब्योरा: लाखों का नकली माल और मशीनें जब्त
पुलिस ने मौके से अवैध निर्माण और पैकिंग में प्रयुक्त भारी मात्रा में सामग्री जब्त की है, जिसमें शामिल हैं:
तैयार नकली माल: 2,548 पाउच नकली रजनीगंधा, 2,000 पाउच नकली तानसेन पान मसाला और 20,000 पाउच नकली तुलसी 00 जर्दा।
रॉ-मटेरियल: 160 किलोग्राम तानसेन पान मसाला पाउच के प्रिंटेड रॉल और 1,500 खाली पाउच।
मशीनें: पान मसाला बनाने और उन्हें पैक करने के लिए लगाई गई 4 अलग-अलग आधुनिक मशीनें।
वाहन: माल के परिवहन और सप्लाई में इस्तेमाल की जा रही 1 स्कोर्पियो और 1 ईको वैन।
हूबहू पैकिंग से दे रहे थे धोखा: आरोपी नामी ब्रांड्स के रैपर की इतनी सटीक नकल तैयार करते थे कि आम उपभोक्ता असली और नकली में अंतर ही नहीं कर पाता था। इसे सस्ते दामों पर बाजार में नामी ब्रांड के रेट पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाया जा रहा था।

ये 4 आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे
पुलिस ने अवैध कारोबार में संलिप्त जिन चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनके नाम इस प्रकार हैं:
नन्दलाल उर्फ नन्दू (24 वर्ष) पुत्र राजेन्द्रसिंह माली (निवासी: भेरजी की ढाणी, मण्डी चौराया, रास, ब्यावर)
करण सांखला (25 वर्ष) पुत्र देवराज माली (निवासी: भेरजी की ढाणी, मण्डी चौराया, रास, ब्यावर)
राजेन्द्र सिंह उर्फ राजू माली (50 वर्ष) पुत्र भंवरलाल माली (निवासी: भेरजी की ढाणी, मण्डी चौराया, रास, ब्यावर)
कमलेश गहलोत (24 वर्ष) पुत्र नरेन्द्रसिंह माली (निवासी: जोधपुर रोड़, नहर के पास, बर, ब्यावर)
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट (Copyright Act) और अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

इस टीम को मिली बड़ी कामयाबी
इस बस्टिंग ऑपरेशन को सफल बनाने वाली टीम में ये अधिकारी और

जवान शामिल रहे:
सदर थानाधिकारी गजराज (पु.नि.), डीएसटी के रामजस (स.उ.नि.), हैड कांस्टेबल भवानीसिंह व देशराज, और कांस्टेबल मांगीलाल, प्रदीप, विनोद, सुखपाल, रेखराज, मनोज, मुकेश कुमार व ओमप्रकाश।

नेटवर्क की जांच शुरू: पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। अनुसंधान में यह पता लगाया जा रहा है कि वे इस नकली माल के लिए केमिकल और कच्चा माल कहाँ से लाते थे और ब्यावर सहित आसपास के किन-किन बड़े डीलरों या दुकानदारों को यह माल सप्लाई किया जा चुका है। पुलिस को उम्मीद है कि इस नेटवर्क से जुड़े कुछ और बड़े चेहरों का भी जल्द पर्दाफाश होगा।